द फॉलोअप डेस्क
आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ और टिकटों की बढ़ती मांग को देखते हुए भारतीय रेलवे ने तीन जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल से होकर गुजरने वाले अलग-अलग रूटों पर हावड़ा-नई दिल्ली, कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश और कोलकाता-अमृतसर के बीच इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रेलवे के इस फैसले से त्योहारों के दौरान घर जाने वाले प्रवासियों और अन्य यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में भी सहूलियत होगी। ट्रेन संख्या 04052 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 2 अक्टूबर 2026 से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को नई दिल्ली से शाम 6:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी। इस ट्रेन के कुल 9 फेरे होंगे। वापसी में ट्रेन संख्या 04051 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल 4 अक्टूबर 2026 से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को हावड़ा से रात 1:40 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इसके भी कुल 9 फेरे होंगे। आसनसोल मंडल में इस ट्रेन का ठहराव दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह में होगा।

ऋषिकेश और अमृतसर के लिए भी स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 04312 योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता स्पेशल 16 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को रात 10:20 बजे ऋषिकेश से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 8 बजे कोलकाता पहुंचेगी। इसके कुल 6 फेरे होंगे। वापसी में ट्रेन संख्या 04311 कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल 18 अक्टूबर से 22 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को दोपहर 1:55 बजे कोलकाता से रवाना होकर अगले दिन रात 11:30 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी। इसके भी 6 फेरे होंगे। आसनसोल मंडल में दोनों ट्रेनों का ठहराव दुर्गापुर और आसनसोल में होगा। वहीं ट्रेन संख्या 04624 अमृतसर-कोलकाता स्पेशल 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को रात 8:10 बजे अमृतसर से चलकर तीसरे दिन दोपहर 3 बजे कोलकाता पहुंचेगी। इसके कुल 8 फेरे होंगे। वापसी में ट्रेन संख्या 04623 कोलकाता-अमृतसर स्पेशल 10 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को तड़के 4:45 बजे कोलकाता से खुलेगी और अगले दिन रात 9:05 बजे अमृतसर पहुंचेगी। इसके कुल 8 फेरे होंगे। इन दोनों ट्रेनों का आसनसोल मंडल में दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह में ठहराव होगा।

जनरल, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा
रेलवे के अनुसार इन सभी पूजा स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए सामान्य द्वितीय श्रेणी यानी जनरल क्लास, शयनयान यानी स्लीपर और वातानुकूलित यानी एसी श्रेणी के डिब्बे उपलब्ध रहेंगे। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और अन्य स्थानों की यात्रा करते हैं। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। रेलवे के इस कदम से त्योहारों के दौरान यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।