द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने शर्मनाक बयान से भारत के लोकतंत्र, न्यायपालिका एंव देश की सुरक्षा को विदेश की धरती पर अपमानित किया है। यह बातें बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कही। उन्होंने कहा कि भारत विरोधी विदेशी ताकतों के इशारे पर कभी यूरोप की धरती से तो कभी चीन की धरती से राहुल गांधी भारत विरोधी बयान देकर अपनी अपरिपक्व और कुंठित मानसिकता का परिचय दे रहे हैं। भारत विश्व में लोकतंत्र की जननी है। लोकतंत्र के सूरज का उदय ही भारत की धरती से हुआ है। दुनिया को सबसे पहले लोकतंत्र का पाठ भारत ने पढ़ाया है। भारत में लोकतंत्र कण कण में समाया हुआ है। इसलिए भारत के लोकतंत्र को कोई नष्ट नहीं कर सकता।

कांग्रेस ने लोकतंत्र को समाप्त करने का किया प्रयास
दीपक प्रकाश ने कहा कि इमरजेंसी के माध्यम से लोकतंत्र को समाप्त करने की कोशिश करने वाली कांग्रेस को इसकी मजबूत होती जड़ें पसंद नहीं है। लोकतंत्र से कांग्रेस का भरोसा खत्म हो चुका है। कांग्रेस में परिवारवाद पूरी तरह हावी है। उन्होंने कहा कि तभी कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी विदेश की धरती से लोकतंत्र को बचाने की गुहार लगा रहे। यह भारत की प्रतिष्ठा, सम्मान पर प्रहार है जिसे भारत की 130 करोड़ जनता आहत हुई है। राहुल गांधी का यह कृत्य राष्ट्र द्रोह है। कांग्रेस पार्टी को बताना चाहिए कि राहुल गांधी के इस देश विरोधी वक्तव्य का वह समर्थन करती है या निंदा। राहुल गांधी अपने राष्ट्र विरोधी बयानों के लिए देश की जनता से माफी मांगे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT