logo

धर्म परिवर्तन करानेवालों को गांव में बोर्ड लगाकर रोके ग्रामसभा : रघुवर दास

raghuwar2.jpg

रांची
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि धर्म परिवर्तन के उद्देश्य से गांव में आने वालों को ग्राम सभा के निर्णय के आधार पर रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्णय ने पेसा अधिनियम के तहत ग्राम सभाओं के अधिकार को बरकरार रखा है, जो आदिवासी संस्कृति की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।
रघुवर दास ने कहा कि न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति धर्म परिवर्तन के उद्देश्य से गांव में प्रवेश करता है, तो पेसा अधिनियम के तहत ग्राम सभा को उसे रोकने का अधिकार है। उन्होंने इस फैसले को स्वागतयोग्य बताते हुए कहा कि इससे धर्म परिवर्तन के नाम पर चल रहे गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।


उन्होंने झारखंड के सभी मानकी, मुंडा, पडहा, परगनैत समेत पारंपरिक ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे भी ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर गांव के बाहर बोर्ड लगाएं, ताकि बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए यह कदम जरूरी है।
रघुवर दास ने यह भी कहा कि यदि समय रहते समाज सजग नहीं हुआ तो भविष्य में संस्कृति और परंपराओं को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से इस निर्णय को दृढ़ता से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि यह फैसला आदिवासी स्वशासन की अवधारणा को मजबूत करता है और ग्राम सभाओं को उनके वैधानिक अधिकारों के प्रयोग की स्पष्ट मान्यता देता है।


 

Tags - Tribal Self Governance Anti Conversion Board Jharkhand Politics News Village Entry Ban Panchayati Raj Authority