गोड्डा
अवैध बालू के खिलाफ कार्रवाई करने गई पोड़ैयाहाट थाना पुलिस पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। घटना गुरुवार देर रात पसई गांव के नदी घाट की है। हमले में एक एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोपियों ने पुलिस अभिरक्षा से एक ट्रैक्टर भी जबरन छीन लिया। पुलिस ने एक ट्रैक्टर, एक बाइक और क्षतिग्रस्त मोबाइल जप्त कर चार नामजद व 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है जानकारी के मुताबिक पोड़ैयाहाट थाना में पदस्थापित पुअनि कृष्णा प्रसाद रात 10 बजे सुनिल कुमार तिवारी और तख्वीर आलम के साथ रात्रि गश्ती पर निकले थे। रात करीब 11 बजे थाना प्रभारी महावीर पंडित ने सूचना दी कि पसई गांव स्थित मंदिर के सामने नदी घाट से अवैध बालू का उठाव हो रहा है।

पुलिस टीम रात 11 बजे पसई घाट पहुंची
सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम रात 11 बजकर 10 मिनट बजे पसई घाट पहुंची। वहां दो ट्रैक्टरों में बालू लोड कर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर रोककर चालकों से वैध कागजात मांगे, लेकिन कोई कागजात नहीं दिखाया गया जैसे ही पुलिस जप्ती सूची बनाने और ई-साक्ष्य ऐप में वीडियोग्राफी करने लगी, पसई निवासी गोपाल खडोगी उर्फ लड्डू अन्य सहयोगी 15-20 सहयोगियों के साथ पहुंच गए। आरोपियों ने पुलिस का मोबाइल छीनने का प्रयास किया और ट्रैक्टर ले जाने से रोका। धक्का-मुक्की के बीच गोपाल खडोगी उर्फ लड्डू ने एएसआई कृष्णा प्रसाद मंडल पर जान मारने की नीयत से झामा से हमला कर दिया। सुनील तिवारी ने बीच-बचाव किया, जिसमें दाहिने कलाई में चोट आई।

मारपीट भी की गई
मारपीट में कृष्णा प्रसाद मंडल, मुकेश कुमार और सुनील तिवारी को चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके से एक नीले रंग का स्वराज 735 FE ट्रैक्टर ट्रेलर सहित जप्त किया। ट्रैक्टर पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था और चेचिस-इंजन नंबर घिसे हुए थे। एक लाल-काला पल्सर बाइक भी मिली, जिसका नंबर और चेचिस नंबर घिसा था। पुलिस ने गोपाल खडोगी उर्फ लड्डू सहित अन्य तीन नामजद सहित दोनों ट्रैक्टर के चालक-मालिक, बाइक चालक और 15-20 अज्ञात के खिलाफ कांड संख्या 52/26 दर्ज किया गया है। खबर है कि आरोपी एक ट्रैक्टर साथ ले जाने में कामयाब हो गये।

(इस खबर की हेडिंग के साथ लगी तस्वीर प्रतीकात्मक है)