logo

17 साल के भारतीय ‘AI किड’ से मिले पुतिन, राउल ने बनाए 15 AI टूल, 5 लाख लोगों को दी ट्रेनिंग

17 साल के भारतीय ‘AI किड’ से मिले पुतिन, राउल ने बनाए 15 AI टूल, 5 लाख लोगों को दी ट्रेनिंग

मॉस्को: 
National News:
केरल के 17 वर्षीय युवा उद्यमी राउल जॉन अजू इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित अंतरराष्ट्रीय AI सम्मेलन 'AI जर्नी 2026' के दौरान उनकी मुलाकात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हुई। इस मुलाकात की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। राउल को भारत के 'AI किड' के नाम से जाना जाता है। महज 17 साल की उम्र में उन्होंने अपना स्टार्टअप शुरू किया है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। राउल ने इस साल 'AI रियल्म टेक्नोलॉजीज' नाम से अपनी कंपनी शुरू की है। वह इसके संस्थापक और मुख्य तकनीकी अधिकारी (CTO) हैं। उनकी कंपनी में कुल 15 लोग काम करते हैं। खास बात यह है कि राउल अपने पिता को भी कंपनी में नौकरी देते हैं और उन्हें हर महीने 2 लाख रुपये वेतन देते हैं। कंपनी AI आधारित टूल विकसित करने के साथ लोगों को इस तकनीक के इस्तेमाल की ट्रेनिंग भी देती है।

15 AI टूल विकसित किए, 5 लाख लोगों को दी ट्रेनिंग
राउल की कंपनी अब तक 15 AI टूल विकसित कर चुकी है। इसके अलावा करीब 5 लाख लोगों को AI के इस्तेमाल की ट्रेनिंग दी जा चुकी है। इनमें IIT और IIM जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्र और विभिन्न कंपनियों में काम करने वाले पेशेवर भी शामिल हैं। कंपनी ने बच्चों के लिए एक खास ऐप भी तैयार किया है, जिसके जरिए वे गेम खेलते हुए AI की बारीकियां सीख सकते हैं। इसका उद्देश्य तकनीकी शिक्षा को बच्चों के लिए आसान और रोचक बनाना है। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, AI प्रशिक्षण और वर्कशॉप के लिए वह देशभर के स्कूलों, कॉलेजों, कंपनियों और सरकारी संस्थानों के साथ भी काम करती है।

9 साल की उम्र में शुरू कर दिया था AI सीखना
राउल की तकनीक में दिलचस्पी बचपन से ही रही है। उन्होंने महज 9 साल की उम्र में खुद से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सीखना शुरू कर दिया था। इस साल फरवरी में संयुक्त राष्ट्र की समाचार सेवा को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनकी शुरुआत वीडियो एडिटिंग से हुई थी। राउल के मुताबिक, जब उनके पिता को एडोबी कंपनी में नौकरी मिली, तब उन्हें कंपनी के प्रीमियम टूल मुफ्त में इस्तेमाल करने का मौका मिला। इसी के जरिए उनकी दिलचस्पी AI की तरफ बढ़ी। उन्होंने AI के बारे में पढ़ना और नई चीजें सीखना शुरू किया। बाद में स्कूल के विज्ञान प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने 'मीबॉट' नाम का एक रोबोट भी बनाया।

पुतिन ने पूछा- क्या AI बच्चों की सोचने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है?
मॉस्को में गुरुवार को शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 'AI जर्नी 2026' के दौरान राउल की मुलाकात राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हुई। बातचीत के दौरान पुतिन ने उनसे सवाल किया कि क्या पढ़ाई में AI का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल बच्चों की सोचने और समझने की क्षमता को कमजोर कर सकता है? इस पर राउल ने कहा कि AI का उद्देश्य इंसानों की सोचने की क्षमता की जगह लेना नहीं, बल्कि उनके साथ मिलकर काम करना होना चाहिए। उन्होंने समझाया कि AI की मदद से बच्चों को उनकी रुचि और सीखने के तरीके के अनुसार शिक्षा दी जा सकती है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने बताया कि गणित में रुचि रखने वाला बच्चा तस्वीरों, वीडियो और गेम के माध्यम से इस विषय को अधिक आसानी से समझ सकता है।

गेम खेलकर गणित सीखा, पुतिन को सुनाया परीक्षा का किस्सा
बातचीत के दौरान राउल ने अपनी गणित की परीक्षा से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा से एक दिन पहले वह गेम खेल रहे थे। यह देखकर उनके पिता ने पूछा कि अगले दिन परीक्षा होने के बावजूद वह गेम क्यों खेल रहे हैं। इस पर राउल ने जवाब दिया कि वह गेम के जरिए पढ़ाई कर रहे हैं। राउल ने बताया कि गेम आधारित पढ़ाई से उन्हें अपनी पसंद के तरीके से सीखने का मौका मिला। उन्होंने यह भी कहा कि एक कक्षा में 40 बच्चे होते हैं। ऐसे में शिक्षक के लिए हर बच्चे की रुचि और सीखने के तरीके के मुताबिक पढ़ाना आसान नहीं होता। AI इस चुनौती को कम करने में मददगार साबित हो सकता है।

पुतिन ने कहा- बच्चों को सिर्फ जानकारी याद करना नहीं, उस पर सोचना भी जरूरी
राउल की बात सुनने के बाद पुतिन ने कहा कि बच्चों के लिए सिर्फ जानकारी याद करना पर्याप्त नहीं है। उन्हें उस जानकारी पर विचार करना और खुद सोचकर सही नतीजे तक पहुंचना भी सीखना चाहिए। पुतिन ने AI के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लोग AI को अपना सहायक बना रहे हैं, लेकिन इससे यह खतरा भी है कि वे धीरे-धीरे खुद सोचना और किसी विषय पर अपनी राय बनाना बंद कर सकते हैं। इस पर राउल ने दोहराया कि AI को इंसानों की जगह लेने वाले विकल्प के तौर पर नहीं, बल्कि उनकी क्षमताओं को बेहतर बनाने वाले सहयोगी के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

पुतिन ने राउल के काम को 'मेक इन इंडिया' से जोड़ा
बातचीत के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने राउल के काम की सराहना करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मेक इन इंडिया' अभियान से भी जोड़ा। उन्होंने राउल से कहा कि उनका काम इस अभियान के उद्देश्य को पूरा करने में मदद करता है, क्योंकि इससे युवाओं को अपने समाधान विकसित करने और उन्हें लागू करने का अवसर मिलता है। पुतिन ने कहा, ''आखिरकार, आपका काम प्रधानमंत्री मोदी के 'मेक इन इंडिया' के आह्वान को पूरा करने में मदद करता है, है ना? क्योंकि इससे युवाओं को अपने समाधान खोजने और उन्हें लागू करने में मदद मिलती है।'' इस तरह 17 साल की उम्र में अपना स्टार्टअप खड़ा करने वाले राउल जॉन अजू की पुतिन से मुलाकात ने एक बार फिर AI के क्षेत्र में भारतीय युवाओं की बढ़ती भागीदारी को चर्चा में ला दिया है।
 

Tags - Raul John AjuVladimir PutinAI Journey 2026AI Kid IndiaMake in India