logo

कॉकरोच के बाद अब बनी 'कुत्ता जनता पार्टी', BPSC के परीक्षा नियंत्रक के बयान का जवाब

KUTTA.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

कॉकरोच जनता पार्टी के बाद अब कुत्ता जनता पार्टी का गठन किया गया है। बिहार में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलनरत छात्र-छात्राओं ने कुत्ता जनता पार्टी का गठन किया है, जिसका बकायदा लोगो भी तैयार किया गया है। पार्टी के बैनर में लिखा है कि छात्र अपमान नहीं, सम्मान चाहते हैं। BPSC ने छात्रों की तुलना कुत्ते से की थी और हम यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। दरअसल, छात्र आंदोलन के बीच TRE-4 समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं को लेकर आयोग की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान आयोग के परीक्षा नियंत्रक, राजेश कुमार सिंह ने छात्र आंदोलन के बाबत पूछे गए सवाल के जवाब में मीडियाकर्मियों के सामने कह दिया था कि "हाथी चले बाजार-कुत्ते भौंके हजार"।

दिलचस्प है कि उन्होंने मीडियाकर्मियों से इस कहावत को एडिट करने का अनुरोध किया था, लेकिन यही टिप्पणी वायरल हो गई और बवाल हो गया। 

 

कैसे बनी थी कॉकरोच जनता पार्टी
गौरतलब है कि इसी प्रकार सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए कथित तौर पर कॉकरोच शब्द का प्रयोग किया था। उन्होने कह दिया था कि इन लोगों को जब रोजगार नहीं मिलता तो कुछ लोग पत्रकार बन जाते हैं और कुछ लोग आरटीआई एक्टिविस्ट बन जाते हैं। ये लोग कॉकरोच की तरह हर जगह घुस जाते हैं। इस बयान का काफी विरोध हुआ। कई न्यायाधीशों ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश के बयान को ज्यादा तूल नहीं देना चाहिए। हालांकि, अभिजीत दीपके नाम के युवक ने कॉकरोच जनता पार्टी के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग अकाउंट बना लिया और नीट पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन करने लगे। इस आंदोलन को युवाओं का समर्थन मिला। कई समाजसेवी, बुद्धिजीवी और अभिनेताओं का भी आंदोलन को समर्थन मिला और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। 

पटना के गर्दनीबाग में जारी है आंदोलन
बिहार में इस समय छात्र आंदोलन चल रहा है। पटना के गर्दनीबाग में धरना प्रदर्शन और अनशन जारी है। मंगलवार को अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री आवास तक मार्च का कार्यक्रम तय किया था, जिन्हें रोकने के लिए पटना में जगह-जगह पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई थी। हालांकि, छात्रों ने कई बैरिकेडिंग तोड़ दी और सीएम हाउस की ओर बढ़ते रहे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। हल्का बलप्रयोग भी किया गया। कई छात्र-छात्राओं को हिरासत में भी लिया गया। 

Tags - Kutta Janta PartyCockroach Janta PartyBihar Student ProtestBPSC