logo

झारखंड में जनगणना की तैयारी शुरू, सरना धर्म कोड पर भी हो सकता है फैसला

CENSUS.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

झारखंड सरकार ने आगामी जनगणना की तैयारियों को लेकर काम शुरू कर दिया है। राज्य सरकार 31 जुलाई तक जनगणना से संबंधित अधिसूचना जारी कर सकती है। खास बात यह है कि इस बार सरना धर्म कोड को जनगणना में शामिल करने की अनुशंसा भी की जा सकती है। 

राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार कर लिया है, जिसे अगली कैबिनेट बैठक में पेश किया जाएगा। झामुमो और कांग्रेस पहले से ही सरना धर्म कोड को जनगणना में शामिल करने की मांग करते आ रहे हैं। विधानसभा में इस पर प्रस्ताव भी पास हो चुका है, जिसे केंद्र सरकार को भेजा गया था। केंद्र सरकार ने 16 जून को 16वीं जनगणना के लिए राजपत्र जारी किया है। इसके बाद राज्य सरकार की ओर से भी पोर्टल पर जनगणना प्रोफाइल तैयार किया जा रहा है। अधिसूचना जारी होने के बाद घर की लिस्टिंग, फील्ड स्टाफ की तैनाती और अन्य प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

अगस्त 2025 में जनगणना से जुड़े कर्मियों का प्री-टेस्ट होगा। नवंबर 2025 से जनवरी 2026 में मास्टर ट्रेनर और फील्ड ट्रेनर को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जनवरी 2026 में जनगणना से जुड़े सवालों की अधिसूचना (गजट) प्रकाशित होगी। फरवरी 2026 में जनगणना कर्मियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी। अप्रैल से सितंबर 2026 में घरों के चयन और फील्ड वर्क का काम चलेगा। दिसंबर 2026 में जनगणना पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा और 1 मार्च 2027 से देशभर में जनगणना शुरू होगी।


 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News Jharkhand Hindi News Census Sarna Dharma Code