रांची
आजसू पार्टी (AJSU Party) के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर (Praveen Prabhakar) ने जमशेदपुर (Jamshedpur) में 'संवाद' कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक एवं आजसू के प्रथम महासचिव रह चुके सूर्य सिंह बेसरा (Surya Singh Besra) पर हुए जानलेवा हमले (Deadly Attack) की कड़े शब्दों में निंदा की है और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि झामुमो (JMM) के प्रखंड और जिला अध्यक्ष बॉडी गार्ड लेकर घूमते रहते हैं, लेकिन पूर्व विधायक तथा वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी बेसरा की सुरक्षा की राज्य सरकार को कोई चिंता नहीं। उनकी सुरक्षा में चूक के लिए कौन जिम्मेवार है?

आंदोलनकारियों और राज्य की अस्मिता पर प्रहार
प्रभाकर ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा की झारखंड अलग झारखंड आंदोलन में प्रमुख भूमिका रही है। सार्वजनिक कार्यक्रम में उनके साथ इस प्रकार की मारपीट और दुर्व्यवहार न केवल निंदनीय है, बल्कि यह संपूर्ण झारखंड आंदोलनकारियों और राज्य की अस्मिता पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी विषय पर असहमति या विरोध दर्ज कराने के संवैधानिक तरीके होते हैं, लेकिन हिंसा और अराजकता का कोई स्थान नहीं है।

सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए
प्रभाकर ने इस घटना को प्रशासनिक विफलता करार देते हुए राज्य सरकार और पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की अविलंब उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और हमले में शामिल सभी दोषियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके साथ ही प्रभाकर ने सरकार से वरिष्ठ आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा की सुरक्षा तत्काल सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में इलाजरत बेसरा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि पूरा आजसू परिवार और राज्य के आंदोलनकारी इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।
.jpeg)