पूर्वी सिंहभूम:
पोटका विधायक संजीव सरदार ने रविवार को शहर से करीब 100 किलोमीटर दूर सुदूरवर्ती डुमरिया प्रखंड का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं और ग्रामीणों के साथ संगठनात्मक एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जनगणना और एसआईआर अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं को जागरूक करते हुए गांव-गांव तक सही जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि जनगणना और एसआईआर से जुड़ी सूचनाओं को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की योजनाओं और जनहित कार्यक्रमों की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाये।

विधायक ने ग्रामीणों संग बैठकर खाना खाया
बैठक के बाद विधायक ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ जंगल-पहाड़ के बीच पेड़ के नीचे बैठकर सामूहिक भोजन किया। इस दौरान नेताओं, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने एक साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया, जिसे संगठनात्मक एकता और समानता का संदेश माना गया। ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने विधायक की सादगी और जमीनी जुड़ाव की सराहना की।
हाथीकोचा गांव में विधायक ने किया संवाद
इसके बाद विधायक हाथीकोचा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ घंटों बैठकर संवाद किया। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल और अन्य स्थानीय समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने कई मामलों का मौके पर समाधान भी किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी
विधायक ने कहा कि जनता का विश्वास ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं को लगातार लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास और जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही है तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मिर्जा सोरेन, भगत बसके, जयपाल मुर्मू, अर्जुन मुर्मू, रामदास हेम्ब्रॉम, उदय हेम्ब्रॉम, भगत हांसदा, संजय किस्कु, अर्जुन मार्डी, मुखिया हेम्ब्रॉम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।