द फॉलोअप, साहिबगंज:
साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र अंतर्गत गांडे पहाड़-नवगाछी इलाके में 39 वर्षीय गुया पहाड़िया की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है। मामले में मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन के बयान के आधार पर बोरियो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी में गांव के ही कतरू पहाड़िया उर्फ चकरो पहाड़िया पर गुया पहाड़िया की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने का आरोप लगाया गया।

हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के एसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक के निर्देशन तथा बोरियो प्रभाग के पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त कतरू उर्फ चकरो पहाड़िया, पिता जंगा/जंगलु पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई। इसके अलावा घटनास्थल से खून लगी मिट्टी भी जब्त की गई है। पुलिस ने बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। हत्या के पीछे की वजह और घटना की परिस्थितियों को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है। मामले में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
