द फॉलोअप डेस्क
बड़कागांव में एक पुराने हत्याकांड मामले में हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष जांच टीम यानी SIT ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। ये वही मामला है जिसमें पिपराडीह गांव के दिनेश प्रजापति का शव मिलने के बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपी सुभाष प्रजापति के घर को आग के हवाले कर दिया था और उनके पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस पूरे मामले ने इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल खड़ा कर दिया था। अब पुलिस लगातार छापेमारी कर बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।.jpeg)
बड़कागांव प्रखंड के पिपराडीह गांव में कुछ दिन पहले उस वक्त हालात बेकाबू हो गए जब गांव के ही युवक दिनेश प्रजापति का शव कूमरडीह गांव के कुएं से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही गुस्साई भीड़ ने मुख्य आरोपी सुभाष प्रजापति के घर पर धावा बोल दिया। भीड़ ने घर में आगजनी कर दी और सुभाष प्रजापति के बुजुर्ग पिता महेश प्रजापति को घसीटकर बेरहमी से पीटा। पिटाई इतनी भयानक थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।.jpg)
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। बड़कागांव थाना कांड संख्या 180/25 दिनांक 11 जुलाई 2025 के तहत कुल 38 नामजद और 50 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में SIT का गठन किया। टीम को घटना की गहन जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद आज इस हिंसा कांड में आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में देवकी प्रजापति,शिबू यादव,महानंद प्रजापति,दिनेश प्रजापति उर्फ दिनेश्वर प्रजापति,बडू गोप उर्फ सिकंदर गोप,गोप जी उर्फ घनश्याम यादव,गणेश यादव,राजू प्रजापति शामिल हैं।
एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस गंभीर है। SIT लगातार छापेमारी कर रही है। अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बाकी अभियुक्तों को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। हम लोगों से अपील करते हैं कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह से दूर रहें।