सरायकेला-खरसावां
महिला,बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के निर्देशानुसार तथा सरायकेला-खरसावां उपायुक्त नीतीश नीतीश कुमार सिंह एवं उप विकास आयुक्त के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के अंतर्गत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को योजना से आच्छादित करने के लिए 15 जून से 15 जुलाई, 2026 तक विशेष पंजीकरण अभियान संचालित किया गया। अभियान के सफल क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप झारखण्ड राज्य ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं सरायकेला-खरसावां जिला राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने में सफल रहा।

जनसहभागिता का परिणाम
विशेष अभियान के दौरान जिले को राज्य स्तर से 1,202 लाभुकों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विरुद्ध 2,065 लाभुकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया गया, जो निर्धारित लक्ष्य का 171 प्रतिशत है। अभियान के दौरान जिले द्वारा निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक उपलब्धि अर्जित करते हुए राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त किया गया। इस उपलब्धि पर डीसी नीतीश कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विभागीय समन्वय, सतत अनुश्रवण, क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी कार्य निष्पादन तथा जनसहभागिता का परिणाम है।

क्षेत्रीय स्तर पर जन-जागरूकता
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण सुदृढ़ीकरण की एक महत्वपूर्ण योजना है। प्रत्येक पात्र गर्भवती एवं धात्री महिला तक योजना का लाभ समयबद्ध रूप से पहुँचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विशेष अभियान के दौरान प्राप्त उपलब्धि को बनाए रखते हुए नियमित पंजीकरण की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा प्रत्येक पात्र लाभुक की पहचान कर उन्हें समय पर योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर जन-जागरूकता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने एवं लाभुकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। इस सफलता के लिए सभी अधिकारी,कर्मी एवं पूरे जिले के लोगों को शुभकामनाएं दी गयी।