logo

कहीं खराब सड़क का रोना, कहीं हैंड पंप के लिए दुहाई; मंत्री आलमगीर आलम ने की जनसुनवाई 

कहीं खराब सड़क का रोना, कहीं हैंड पंप के लिए दुहाई; मंत्री आलमगीर आलम ने की जनसुनवाई 

रांची 

दुर्गा पूजा के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेसी मंत्रियों का जनसुनवाई कार्यक्रम जारी है। इस कड़ी में आज मंत्री आलमगीर आलम ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निदान के आदेश दिये। मंत्री की जनसुनवाई में अधिकांश लोगों ने अपने इलाके की बदहाल सड़क की शिकायत की। इसके बाद भूमि के विवाद, हैंड पंप की समस्या, भूमि का मुआवज़ा, व्हील चेयर, प्रधानमंत्री आवास योजना, नाली निर्माण, विधवा महिलाओं को भीम राव अंबेड़कर आवास, पारिवारिक विवाद, छात्रावास निर्माण, जल मीनार की कमी और इसके मरम्मत के लिए मंत्री को आवेनद सौंपे गये। 

जनसुनवाई में इन स्थानों से पहुंचे थे लोग 
आज की जनसुनवाई में रांची, हज़ारीबाग़, लातेहार, गुमला, गिरिडीह गोड्डा और रामगढ़ जिले के लोगों ने अपनी पीडा सुनाई। जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस भवन में पूर्वाह्न 11 बजे से 02 बजे तक किया गया। मंत्री आलमगीर आलम ने फरियादियों के आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को इनके निदान के लिए निर्देश दिया। वहीं, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने बताया कि जनसुनवाई में आये लोगों के आवेदन पर मंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अधीनस्थ विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये। 

इससे पहले 16 अक्टूबर को हुई थी जनसुनवाई 

गौरतलब है कि इससे पहले 16 अक्टूबर को रांची के कांग्रेस भवन में जनसुनवाई कार्यक्रम किया गया था। इसमें राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने राज्य के विभिन्न जिलों से आये फरियादियों की समस्याओं को सुना था। साथ ही समस्या के निराकरण के लिए पदाधिकारियों को फोन कर निर्देश दिया कि जल्द मामले को सुलझाया जाए। उन्होंने फरियादियों के आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए विशेष टिप्पणी के साथ त्वरित कार्रवाई का निर्देश अधिकारियो को दिया था।