द फॉलोअप डेस्क:
NSUI Press Conference: बिहार (Bihar) की राजधानी पटना (Patna) में बुधवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (Congress Office) सदाकत आश्रम (Sadakat Ashram) में उस समय हंगामा हो गया, जब NSUI की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की गई। घटना के बाद नाराज पत्रकारों और कैमरामैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार कर दिया और कांग्रेस कार्यालय से बाहर निकल गए।

कन्हैया कुमार की प्रेस कॉन्फ्रेंस की दी गई थी जानकारी
जानकारी के अनुसार, NSUI की ओर से बुधवार को सदाकत आश्रम में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। इसके लिए मीडिया के लोगों को आमंत्रित किया गया था। पत्रकारों को बताया गया था कि कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसी सूचना के आधार पर बड़ी संख्या में पत्रकार और कैमरामैन कार्यक्रम की कवरेज के लिए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। हालांकि, मौके पर कन्हैया कुमार की मौजूदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कन्हैया कुमार का उस दिन पटना आने का कार्यक्रम नहीं था। इसके बाद वहां मौजूद लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर पत्रकारों ने किया बहिष्कार
बताया जा रहा है कि बैठने के लिए कुर्सी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बढ़ गया। इस दौरान पत्रकारों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और मारपीट की गई। घटना से नाराज मीडियाकर्मियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने से इनकार कर दिया और कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए वहां से चले गए।
.jpeg)
NSUI की प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्यों हुआ विवाद?
दरअसल, NSUI की केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण (CEA) की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। इसके लिए मीडिया को बुलाया गया था। लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुए विवाद ने कार्यक्रम को प्रभावित कर दिया। फिलहाल इस पूरे मामले पर कांग्रेस और NSUI की ओर से आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।