logo

राजधानी के जगन्नाथपुर में निर्माणाधीन लाइट हाउस का एक हिस्सा टूटकर गिरा

light1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची में 8 तल्ला का मकान भरभराकर गिर गया। धुर्वा थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर में गरीबों के बन रहे लाइट हाउस प्रोजेक्ट पर ग्रहण लगता जा रहा है। बनने से पहले ही लाइट हाउस का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 12:30 लाइट हाउस के एक ब्लॉक में निर्माणाधीन लिफ्ट का हिस्सा गिर गया। इस दौरान इतनी तेज आवाज हुई कि आसपास के लोग चौंक गए। बगल की बस्ती के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस को खदेड़ कर हटाया। उधर लाइट हाउस का गिरा हुआ मलबा बगल में डंप किया जा रहा है और टूटे हुए हिस्से को पर्दे से ढक दिया गया है।


भवन के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता का आरोप 
स्थानीय लोगों ने बताया कि आधी रात को अचानक बिल्डिंग का हिस्सा गिरने लगा। आसपास मौजूद लोग वहां से भागने लगे। उन्होंने बताया कि लाइटहाउस बनने का काम दिन-रात चलता रहता है। कोई मलबे में दब भी गया होगा तो किसी को पता नहीं चलेगा। वही एक समाजसेवी ने कहा कि सुबह से ही पूरे इलाके को घेर लिया गया है। किसी को उधर से जाने नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने भवन के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता का आरोप लगाया है। बताया कि भवन की जो दीवार है वह ऊपर से नीचे तक गिर गई है। यह हालत तब है जब भवन पूरी तरह से खाली है। जब लोग इसमें रहने लगेंगे इसमें लिफ्ट लग जाएगा तो क्या या उसका लोड झेल पाएगा?

 


6 महीना देर से शुरू हुआ निर्माण
बता दें कि गरीबों को रियायती दर पर आशियाना देने के लिए पीएम मोदी ने झारखंड सहित देश के 06 राज्यों में लाइट हाउस प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी। जमीन विवाद की वजह से इसका निर्माण शुरू होने में 6 महीना देर हुआ। शुरुआत में नगर निगम के द्वारा कई बार आवेदन मांगे जाने के बाद आखिरकार लॉटरी के तहत 1008 लाभुकों का चयन किया गया। इन चयनित लाभुकों को बैंक से ऋण देने की भी व्यवस्था की गई। लेकिन जब फ्लैट के निर्धारित पैसों का किश्त देने की बात हुई तो 400 चयनित लाभुकों ने हाथ खींच लिए हैं। इस हादसे के बाद और भी लाभुक पीछे हट सकते हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N