द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
पलामू जिले के पाटन प्रखंड स्थित आरके मिडिल स्कूल परीक्षा केंद्र पर रविवार को जेटेट के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई। यहां एक परीक्षार्थी प्रश्नपत्र लेकर परीक्षा केंद्र से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों की सतर्कता से उसे तत्काल पकड़ लिया गया। घटना के बाद परीक्षा केंद्र पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

कक्ष संख्या 06 में सुबह 9:36 बजे हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 9:36 बजे परीक्षा केंद्र के कक्ष संख्या 06 में हुई। परीक्षार्थी सुशील कुमार पाठक (52), पिता शीतारधन पाठक, निवासी पलावा गांव, पाटन, को प्रश्नपत्र मिलने के बाद वह उसे लेकर भागने का प्रयास करने लगा। उसका अनुक्रमांक 331033031 बताया गया है। परीक्षा केंद्र और परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।

दंडाधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज
प्रारंभिक पूछताछ में परीक्षार्थी ने कथित तौर पर अनुचित साधनों के इस्तेमाल से संबंधित बातें स्वीकार कीं। हालांकि, पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी क्षितिज कुमार के आवेदन पर रविवार शाम संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।