logo

बोकारो में साइबर ठगी के 60% से अधिक मामले APK से जुड़े, जागरूकता अभियान चलाएगी पुलिस

बोकारो में साइबर ठगी के 60% से अधिक मामले APK से जुड़े, जागरूकता अभियान चलाएगी पुलिस

बोकारो:
Bokaro News:
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच बोकारो पुलिस ने लोगों को APK फाइलों के जरिए होने वाली ठगी से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस की समीक्षा में सामने आया है कि जिले में साइबर अपराध से जुड़े 60 प्रतिशत से अधिक मामले APK फाइलों से संबंधित हैं। शादी का निमंत्रण, गाड़ी का ई-चालान, बिजली बिल और अन्य जरूरी दस्तावेज के नाम पर WhatsApp के माध्यम से भेजी जा रही संदिग्ध फाइलें साइबर अपराधियों का नया हथियार बन रही हैं। ऐसी फाइलों को मोबाइल में इंस्टॉल करने पर निजी जानकारी और बैंकिंग डेटा तक अपराधियों की पहुंच हो सकती है। इसे देखते हुए बोकारो पुलिस ने शहर के प्रमुख स्थानों पर पोस्टर-बैनर लगाकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

परिचित के नंबर से आई APK फाइल भी हो सकती है खतरनाक
The Followup से बातचीत में मुख्यालय डीएसपी सह साइबर प्रभारी पवन कुमार ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि WhatsApp पर शादी का कार्ड, गाड़ी का चालान या किसी अन्य दस्तावेज के नाम पर APK फाइल प्राप्त होने पर उसे डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फाइल किसी परिचित के नंबर से आने पर भी उसकी पुष्टि जरूरी है। इसके लिए संबंधित व्यक्ति से सामान्य फोन कॉल कर जानकारी लेनी चाहिए। कई बार साइबर अपराधी परिचितों के WhatsApp अकाउंट का दुरुपयोग कर उनके संपर्कों को ऐसी फाइलें भेजते हैं।

सितंबर में करीब 250 शिकायतें आईं
डीएसपी पवन कुमार के अनुसार, सितंबर महीने में शादी के निमंत्रण और बिजली बिल के नाम पर भेजी गई संदिग्ध APK फाइलों से जुड़ी करीब 250 शिकायतें पुलिस के सामने आई थीं। कई मामलों में लोगों ने सतर्कता बरतते हुए फाइल के जरिए कोई लेन-देन नहीं किया और इसकी सूचना पुलिस को दी। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जागरूकता अभियान को तेज करने का निर्णय लिया है।

घर से शुरू होनी चाहिए साइबर सुरक्षा की जागरूकता
डीएसपी ने कहा कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। इसकी शुरुआत घर से होनी चाहिए। अभिभावकों को बच्चों को मोबाइल इस्तेमाल करते समय जरूरी सावधानियों की जानकारी देनी चाहिए। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी या निजी जानकारी साझा नहीं करने और बिना जांचे किसी ऐप को इंस्टॉल नहीं करने के बारे में समझाना जरूरी है। उन्होंने स्कूल और कॉलेजों में साइबर सुरक्षा को लेकर विशेष कक्षाएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, बोकारो पुलिस ने स्कूलों में इस तरह के कार्यक्रम शुरू किए हैं। बच्चों को शुरुआती स्तर से डिजिटल सुरक्षा की जानकारी देने पर वे खुद सतर्क रहने के साथ अपने परिवार के सदस्यों को भी जागरूक कर सकते हैं।

बुजुर्गों और महिलाओं को भी निशाना बना रहे साइबर अपराधी
डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि साइबर अपराधी बुजुर्गों और महिलाओं को भी निशाना बनाते हैं। ठग कभी बैंक अधिकारी, कभी पुलिसकर्मी तो कभी किसी सरकारी विभाग का प्रतिनिधि बनकर फोन करते हैं। इस दौरान वे डर और जल्दबाजी का माहौल बनाकर बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या पैसे हासिल करने की कोशिश करते हैं। ऐसे फोन कॉल पर भरोसा करने के बजाय संबंधित विभाग के आधिकारिक माध्यम से जानकारी की पुष्टि करनी चाहिए।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वालों से रहें सावधान
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर डीएसपी पवन कुमार ने स्पष्ट किया कि भारतीय कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। किसी व्यक्ति को वीडियो कॉल या फोन पर डिजिटल तरीके से गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। यदि कोई खुद को पुलिस, सीबीआइ या किसी अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल पर गिरफ्तारी की धमकी देता है अथवा मामला रफा-दफा करने के नाम पर पैसे मांगता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे में कॉल काटकर संबंधित एजेंसी या नजदीकी थाने से संपर्क करना चाहिए।

साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
डीएसपी ने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है। समय रहते शिकायत दर्ज कराने से ठगी की रकम को संबंधित बैंक खाते में रोकने की संभावना बेहतर हो सकती है। उन्होंने लोगों से संदिग्ध लिंक, APK फाइल, अनजान क्यूआर कोड और फर्जी ऐप से दूरी बनाए रखने की अपील की।

Tags - Bokaro News Cyber Crime APK Scam Bokaro Police WhatsApp Fraud