द फॉलोअप डेस्क
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में आज सावन के दूसरी सोमवारी पर बाबा भोलेनाथ को जलाभिषेक करने के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। जानकारी हो कि आज सोमवारी के साथ सोमवती अमावस्या भी है। इसे लेकर सुबह से ही काफी संख्या में भक्त मंदिर के बाहर लंबी कतार में खड़े हैं। पूरा बाबा मंदिर बोल बम के नारे से गूंज रहा है। दूर-दराज से आए श्रद्धालु भगवान के दर्शन और उनकी आराधना के लिए मंदिर में पहुंच रहे हैं। करीब 3 लाख से ज्यादा कावांरियों के जलार्पण करने उम्मीद है। भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो इसे लेकर देर रात से ही एसपी से लेकर संथाल परगना कमिश्नर मुस्तैद हैं।

नंदन पहाड़ तक पहुंची भक्तों की कतार
दूसरी सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं की कतार 8 किमी तक पहुंच चुकी है। भक्तों की कतार नंदन पहाड़ तक पहुंच चुकी है। इस क्रम में उपायुक्त द्वारा रात्रि से ही रुटलाइन का निरीक्षण कर विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों व पुलिस बल के जवान को सेवा भाव व शालीनता से श्रद्धालुओं के हर संभव सहयोग की बात कही, ताकि श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर से अच्छी अनुभूति प्राप्त कर यहां से प्रस्थान करें।
19 वर्ष के बाद ऐसा संयोग
19 वर्ष के बाद ऐसा संयोग लगा है कि इस साल सावन 59 दिनों का है। इसलिए देवघर में श्रावणी मेला भी दो महीने तक जारी रहेगा। ज्योतिर्लिंग होने के कारण सावन माह में राज्य ही नहीं देश-विदेश से श्रद्धालु बाबा मंदिर पहुंचते हैं। बाबा मंदिर में कांवरियों की अस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। बाबा मंदिर में जलार्पण सुलभ, सुरक्षित और कतारबद्ध तरीके से हो रहा है जलार्पण को लेकर आयुक्त, डीआईजी, डीसी, एसपी सभी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। ऐसी उम्मीद जतायी जा रही है कि 3 लाख के करीब श्रद्धालुओं द्वारा जलार्पण होने की संभावना है।
सोमवारी व्रत का महत्त्व
सावन के सोमवार का व्रत रखने से विवाह के योग बनते हैं। इस व्रत को करने से माता पार्वती को शिवजी पति स्वरूप प्राप्त हुए। इस वजह से मनचाहे जीवनसाथी की प्राप्ति के लिए सावन सोमवार व्रत रखा जाता है। इसके अलावा भक्तगण शिव कृपा प्राप्ति के लिए सावन सोमवार व्रत रखते हैं।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N