जीतेंद्र कुमार, रांचीः
बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद अब बीच चौराहे पर खड़ी हो गयी है। उसके लिए आगे कुआं और पीछे खाई वाली स्थिति दिखायी पड़ती है। अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी में बने रहने पर अब वह द्वंद में फंस गयी बतायी जा रही है। क्योंकि कांग्रेस जैसी पार्टी में रह कर वह विधायक बनी। उससे पहले उनके पिता योगेंद्र साव और मां निर्मला देवी भी कांग्रेस पार्टी की टिकट पर ही बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनी गयी। कहने को कांग्रेस ने अंबा प्रसाद और उनके परिवार को बहुत कुछ दिया। लेकिन हाल के वर्षों में, पहले उनकी ही राज्य सरकार (कांग्रेस भी शामिल) और अब कांग्रेस का नजरिया बदला है। यह अंबा प्रसाद के लिए असहज स्थिति पैदा करने लगा है। इस असहज स्थिति से अंबा प्रसाद परेशान भी बतायी जा र ही है। नये राजनीतिक ठौर की तलाश पर विचार करती बतायी जा रही है। बताया जा रहा है कि इसके लिए उनके सामने तीन ही विकल्प हैं। भाजपा, आजसू या जेएलकेएम। या फिर जेएलकेएम की जगह कांग्रेस का ही थामें रहेगी हाथ। राजनीतिक गलियारे में यह चर्चा उफान पर है। खास कर कांग्रेस पार्टी में भी।

राज्य सरकार के बाद कांग्रेस ने भी छोड़ा साथ
अंबा प्रसाद के लिए दुखद यह है कि राज्य सरकार के बाद अब कांग्रेस पार्टी ने भी उनका साथ छोड़ दिया है। उन्हें कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव के पद से हटा दिया गया है। इससे पहले उनके पिता का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विरुद्ध तल्ख बयानबाजी के विरुद्ध हुए दो दो बार का निष्कासन जगजाहिर है। विवादित जमीन पर जिला प्रशासन द्वारा तोड़े गए उनके मकान की कहानी कम चर्चित नहीं रही है। हालांकि पहली बार बीच-बचाव के बाद रास्ता बनाया गया था। कांग्रेस ने योगेंद्र साव का निष्कासन वापस लिया। लेकिन निष्कासन वापस लेते ही योगेंद्र साव के मुख्यमंत्री के विरुद्ध फिर बयानबाजी चालू हो गयी। परिणाम हुआ कि मुख्यमंत्री के दबाव में कांग्रेस को फिर से योगेंद्र साव को पार्टी से निष्कासित करना पड़ा। बात यहीं नहीं रुकी। दीपावली से ठीक पहले अंबा प्रसाद से धुर्वा में मिले सरकारी आवास खाली करा दिया गया। उसे सील कर दिया गया। दिलचस्प रूप से सरकार के इस फैसले के विरुद्ध प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, अंबा प्रसाद के साथ थोड़ी देर के लिए खड़े हुए। आवास खाली कराने के विरुद्ध धरना दे रही अंबा के पास जाकर नैतिक और वैचारिक समर्थन भी दिया। लेकिन कुछ ही दिनों बाद कांग्रेस ने उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय सचिव के पद से हटा दिया। कांग्रेस पार्टी का यह फैसला साफ संकेत दे गया कि अब वह अंबा प्रसाद और उनके परिवार को झेलने को तैयार नहीं है। इसे अंबा प्रसाद ने भी समझा है।
.jpeg)
अब अंबा प्रसाद के सामने तीन पेंचिदा विकल्प
अंबा प्रसाद के सामने अब तीन ही राजनीतिक विकल्प बताए जा रहे हैं। लेकिन वे काफी पेंचिदा हैं। जानकार बताते हैं कि झामुमो के साथ अंबा और उनके परिवार की दूरी इतनी बढ़ गयी है, वैचारिक खाई इतनी गहरी हो गयी है कि, इस दल के साथ किसी तरह के जुड़ाव की संभावना क्षीण है। भाजपा के साथ जाने की संभावना भी कम दुरुह नहीं है। क्योंकि अंबा प्रसाद और उनके परिवार की परंपरागत विधानसभा सीट से फिलहाल भाजपा के रौशन लाल चौधरी विधायक हैं। इस स्थिति में अंबा के लिए वही जगह मुफीद होगी, जहां से उन्हें विधानसभा का टिकट मिलना आसान होगा। लेकिन रघुवर दास के मुख्यमंत्रित्व काल में अंबा प्रसाद के परिवार के साथ भाजपा के रिश्ते बहुत अच्छे नहीं रहे। प्यार और तकरार का सिलसिला लंबा चला। अब दूसरा विकल्प आजसू पार्टी दिखती है। लेकिन पेंच यहां भी है। क्या आजसू के बैकबोन माने जाने वाले सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी चाहेंगे जो अंबा आजसू में आए और उनके भाई रौशन लाल चौधरी के विरुद्ध बड़कागांव में चुनाव लड़े। इस स्थिति में अंबा के लिए तीसरा विकल्प जेएलकेएम बनता दिखता है। जेएलकेएम को भी अंबा जैसी नेता की चाहत होगी और अंबा को भी उभरते जेएलकेएम में जाना बेहतर दिखेगा। हालांकि अंबा और कांग्रेस के बीच का रिश्ता इतनी जल्दी टूट जाएगा, इसकी अभी कल्पना ही की जानी चाहिए। क्योंकि राजनीतिक झकझूमर का यह खेल 2029 के विधानसभा चुनाव तक चलते जाने की पूरी संभावना है।
