द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है किक मुंबई ही नहीं जहां जहां झारखंड के लोग अधिकतर जाते हैं, वहां वहां झारखंड भवन बनाएंगे। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने अपने राज्य में झारखंड भवन के लिए जमीन देने का आश्वासन दिया है। तमिलनाडु में जमीन मिल चुकी है। अब इलाज के लिए जिस क्षेत्र में लोग ज्यादा जाते हैं, वहां भी तमिलनाडु सरकार ने जमीन देने का आश्वासन दिया है। जमीन मिलने पर वहां भी झारखंड भवन बनाएंगे। मालूम हो कि आज कैबिनेट की बैठक में नवी मुंबई में झारखंड भवन निर्माण के लिए 159.28 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी। मुख्यमंत्री कैबिनेट की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागों का काम सुचारु रूप से चले, इसके लिए जहां जहां भी आवश्यकता होगी, हम नियुक्ति प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि मरांग गोमके पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत पहले 25 छात्रों को पढ़ने के लिए विदेश भेजा जाता था, अब इसकी संख्या बढ़ा कर 50 कर दी गयी है। बिहार विधानसभा चुनाव में झामुमो कितनी सीटों पर लड़ेगा और एसआईआर का क्या झारखंड विरोध करेगा, इस सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि समय आने पर हम बताएंगे। अभी भविष्यवाणी करना ठीक नहीं है।
