गिरिडीह:
Girdih News: गिरिडीह सरकारी कार्यालयों में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक व्यवस्था और सुविधाओं के दावे किए जाते हैं, लेकिन दिव्यांगजनों की सहूलियत को लेकर जमीनी हकीकत कई बार अलग तस्वीर पेश करती है। ऐसा ही मामला गिरिडीह समाहरणालय में देखने को मिला, जहां राशन कार्ड से जुड़ी समस्या लेकर पहुंची एक दिव्यांग महिला को व्हीलचेयर तक उपलब्ध नहीं हो सकी। मजबूरी में उसे अपने पति के कंधे का सहारा लेकर कार्यालय तक पहुंचना पड़ा।

राशन कार्ड की समस्या लेकर समाहरणालय पहुंची थीं श्याम कुमारी देवी
डुमरी प्रखंड की रहने वाली श्याम कुमारी देवी पैर से दिव्यांग हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। राशन कार्ड से जुड़ी समस्या को लेकर एमओ साहब ने उन्हें सीधे गिरिडीह बुलाया था। इसके बाद वह सुबह की ठंड के बीच अपने पति के साथ किसी तरह मोटरसाइकिल से समाहरणालय पहुंचीं। हालांकि, समाहरणालय पहुंचने के बाद भी उनकी परेशानी कम नहीं हुई।
पति के कंधे का सहारा लेकर पहुंचना पड़ा विभाग
समाहरणालय में व्हीलचेयर की व्यवस्था नहीं होने के कारण श्याम कुमारी देवी को खाद्य आपूर्ति विभाग तक पहुंचने के लिए अपने पति का सहारा लेना पड़ा। उनके पति ने कंधे का सहारा देकर उन्हें कार्यालय तक पहुंचाया। महिला के पति का कहना है कि अगर समाहरणालय में व्हीलचेयर उपलब्ध होती, तो उनकी पत्नी को इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ती।

दिव्यांगजनों की सुविधाओं पर उठे सवाल
इस घटना ने जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय में दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतिदिन जिले के अलग-अलग प्रखंडों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर यहां पहुंचते हैं। ऐसे में दिव्यांग व्यक्तियों के लिए व्हीलचेयर और सुगम आवागमन की व्यवस्था होना जरूरी है।
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
अब सवाल यह है कि जब जिला मुख्यालय के समाहरणालय में ही दिव्यांग महिला को व्हीलचेयर जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिल पाती, तो दूसरे सरकारी कार्यालयों में दिव्यांगजनों की सहूलियत का क्या हाल होगा? प्रशासन को समाहरणालय सहित सभी प्रमुख सरकारी कार्यालयों में व्हीलचेयर की उपलब्धता और दिव्यांगजनों के लिए सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि किसी जरूरतमंद को अपनी समस्या लेकर कार्यालय पहुंचने में इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।