रांची
बच्चों और युवाओं के अंदर प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उनकी प्रतिभा को पहचानने, निखारने और उचित मंच प्रदान करने की। इसी उद्देश्य के साथ निवेदिता डांस एकेडमी, लायंस क्लब ऑफ रांची लाइफ एवं निवेदिता एक्टिविटी क्लासेज के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को रांची के पुरुलिया रोड स्थित लोयोला हॉल में ‘प्रतिभोत्सव 2.0’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुई रांची की महापौर रौशनी खलखो ने विभिन्न प्रस्तुतियों का अवलोकन करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों को जिस क्षेत्र में रुचि है, उस क्षेत्र में उन्हें बढ़ चढ़कर मेहनत करनी चाहिए। निरंतर प्रयास और लगन के साथ आगे बढ़ने से सफलता निश्चित रूप से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को सामने लाने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
.jpeg)
23 अगस्त को हुई ब्रेन बैटल आईक्यू प्रतियोगिता
महापौर ने निवेदिता डांस एकेडमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ कला और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी जरूरी है। निवेदिता डांस एकेडमी की कॉर्डिनेटर तृषा तानिया सेन ने बताया कि प्रतिभोत्सव 2.0 के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में 23 अगस्त को ब्रेन बैटल आईक्यू प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद 26 अगस्त को डांस प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण का आयोजन किया गया। प्रारंभिक चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को फाइनल के लिए चयनित किया गया। रविवार को लोयोला हॉल में डांस प्रतियोगिता के फाइनल को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतिभोत्सव 2.0 के फाइनल में निवेदिता डांस एकेडमी के विद्यार्थियों के अलावा संस्थान से बाहर के प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा देना समाज की जिम्मेदारी
प्रतिभागियों ने अलग-अलग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। तृषा तानिया सेन ने कहा कि प्रतिभोत्सव का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास होता है। निवेदिता डांस एकेडमी की कॉर्डिनेटर त्रिशा तानिया सेन ने कहा कि प्रतिभोत्सव 2.0 को केवल प्रतियोगिता के रूप में नहीं देखा जा रहा है, बल्कि यह बच्चों के व्यक्तित्व विकास का भी माध्यम है। आयोजन के जरिए बच्चों को अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया बच्चों और युवाओं में छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा देना समाज की जिम्मेदारी है। प्रतिभोत्सव 2.0 इसी सोच के साथ आयोजित किया गया, ताकि कला और रचनात्मकता के क्षेत्र में रुचि रखने वाले अधिक से अधिक बच्चों को आगे आने का अवसर मिल सके।