रांची
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और मॉनसून के सक्रिय होने का असर झारखंड में साफ दिखाई दे रहा है। राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश हो रही है। शनिवार को लातेहार में सबसे अधिक 61 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रांची में 15 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा देवघर में 19 मिमी, दारीसाई में 27 मिमी, सरायकेला-खरसावां में 13 मिमी, खूंटी में 5 मिमी, कोडरमा में 9 मिमी, जगन्नाथपुर में 11 मिमी तथा हजारीबाग और सिमडेगा में 2-2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आज 15 जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 30 अगस्त को रांची समेत खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, दुमका, देवघर और जामताड़ा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी आसमान में बादल छाये रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
31 अगस्त को पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 31 अगस्त को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।.jpeg)
एक और दो सितंबर को भी बारिश के आसार
एक सितंबर को लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं दो सितंबर को दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। राज्य के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
झारखंड में अब तक सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश
झारखंड में मॉनसून सामान्य तौर पर एक जून से 30 सितंबर तक रहता है। राज्य में सालाना औसतन करीब 1400 मिमी बारिश होती है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक जून से 29 अगस्त तक झारखंड में सामान्य बारिश 786.5 मिमी होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 710.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस तरह राज्य में अब तक सामान्य से करीब 10 फीसदी कम बारिश हुई है। हालांकि, कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश भी दर्ज की गई है। रांची में सामान्य से 7 फीसदी, पश्चिमी सिंहभूम में 44 फीसदी, सिमडेगा में 5 फीसदी, साहिबगंज में 9 फीसदी और खूंटी में 2 फीसदी अधिक बारिश हुई है। वहीं पूर्वी सिंहभूम में बारिश सामान्य के करीब पहुंच गई है।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
31 अगस्त को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है, जबकि 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। एक सितंबर को आठ जिलों में मध्यम से भारी बारिश और दो सितंबर को नौ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।