logo

आसंगी चेक डैम में नहाने गया NIT का छात्र डूबा, NDRF का रेस्क्यू जारी; 1 करोड़ मुआवजे की मांग

ल्ीि.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में रविवार को नहाने के दौरान NIT जमशेदपुर के चौथे वर्ष के मेटालर्जी विभाग के छात्र मीर हसन के डूब जाने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की गई। बाद में जिला प्रशासन के निर्देश पर NDRF की टीम को भी रेस्क्यू अभियान में लगाया गया। देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।


साथियों के साथ नहाने गया था, गहरे पानी में डूबा
जानकारी के अनुसार, मीर हसन रविवार दोपहर करीब तीन बजे अपने दोस्तों के साथ आसंगी चेक डैम में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। साथियों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। पानी की गहराई को देखते हुए प्रशासन ने NDRF की टीम को बुलाया, जिसने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।


शव दिख रहा था, लेकिन बचाने के साधन नहीं थे
घटना की जानकारी मिलते ही NIT परिसर में छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में छात्र एकजुट होकर प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। छात्रों का आरोप है कि डूबे हुए छात्र का शव पानी में दिखाई दे रहा था, लेकिन समय पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। उनका कहना है कि यदि मौके पर एक मजबूत रस्सी जैसी बुनियादी व्यवस्था भी होती, तो संभवतः रेस्क्यू की कोशिश अधिक प्रभावी हो सकती थी। छात्रों ने रेस्क्यू अभियान तेज करने, मीर हसन के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने और पूरे मामले में जिम्मेदारी तय करते हुए कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


अभी तक नहीं मिला कोई सुराग
फिलहाल NDRF और पुलिस की टीम चेक डैम में लगातार छात्र की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में छात्र व स्थानीय लोग मौजूद हैं। आरआईटी थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। प्रशासन द्वारा रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

Tags - NIT Jamshedpur Asangi Check Dam NDRF Seraikela Kharsawan Jharkhand