logo

'अगले 7 दिन झारखंड के लिए कष्टकारी साबित होंगे', सांसद निशिकांत दुबे के बयान का मतलब क्या है

nishikantdubeynews.jpg

द फॉलोअप डेस्क, देवघर 

गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा है कि आने वाले 7 दिन झारखंड के लिए कष्टकारी होने वाले हैं। निशिकांत के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में एकबार फिर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। दरअसल, निशिकांत दुबे ने यह बयान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने बाद दिया है। निशिकांत ने कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर बाबा मंदिर को नहीं सजाया गया। उनका आरोप है कि देवघर मंदिर का राजनीतिकरण किया जा रहा है।

एसडीओ से मंदिर सजवाने का किया आग्रह 

सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई। इस दौरान वे बाबा धाम मंदिर को सजवाना चाहते थे। इस संबंध में उन्होंने देवघर एसडीओ से बात भी किया था। निशिकांत ने देवघर एसडीओ से मंदिर परिसर को सजवाने का आग्रह किया था। इस पर एसडीओ ने कहा कि मंदिर सरकार द्वारा बनाये गए ट्रस्ट के अंतर्गत आता है। उस ट्रस्ट के अध्यक्ष मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं और मैं ट्रस्टी हूं। ऐसे में मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार के कार्य के लिए ट्रस्ट की सहमति जरूरी है। 

मंदिर का राजनीतिकरण करने वालों का सर्वनाश 

निशिकांत दुबे ने एसडीओ से कहा कि मंदिर को फूलों से सजवाना संभव नहीं है तो कम से कम लाइट्स की मदद से सजाया जा सकता है। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर ट्रस्ट ऐसा नहीं करता तो मैं मंदिर को सजवा दूंगा। इसके बावजूद भी उनकी बात नहीं मानी गई। मंदिर के न सजाये जाने पर उन्होंने नराजदगी जताई। निशिकांत ने कहा कि मंदिर का राजनीतिकरण करने वालों का सर्वनाश निश्चित है। निशिकांत ने इसीपर कहा कि आने वाले 7 दिन झारखंड के लिए कष्टकारी होने वाले हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\