logo

गिरिडीह के डुमरी रेफरल अस्पताल में नवजात की मौत, ऑक्सीजन पाइप नहीं देने का आरोप

गिरिडीह के डुमरी रेफरल अस्पताल में नवजात की मौत, ऑक्सीजन पाइप नहीं देने का आरोप

डुमरी/गिरिडीह:

Jharkhand News: डुमरी के रेफरल अस्पताल (Dumri Referral Hospital) में शुक्रवार सुबह नवजात शिशु की मौत (Newborn Dies) के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे के दौरान अस्पताल में बने काउंटर को क्षति पहुंचने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, डुमरी के मधगोपाली निवासी सुभाष कुमार साव की पत्नी ने गुरुवार दोपहर करीब 3:45 बजे एक बच्ची को जन्म दिया था। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात या शुक्रवार सुबह शिशु की हालत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया। 

एंबुलेंस में ऑक्सीजन पाइप नहीं था
परिजनों का कहना है कि शिशु को इलाज के लिए बाहर ले जाने के लिए प्राइवेट एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी, लेकिन एंबुलेंस में ऑक्सीजन पाइप नहीं था। परिजनों ने अस्पताल कर्मियों से ऑक्सीजन पाइप की मांग की, लेकिन आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने परिजनों को ऑक्सीजन पाइप देने से इनकार कर दिया। इसी दौरान शिशु की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर डुमरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों से जानकारी लेने और लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने दिया आश्वासन
वहीं डुमरी रेफरल अस्पताल  के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी कामेश्वर महतो ने भी परिजनों को यह आश्वासन दिया है कि इस घटनाक्रम में जो भी स्वास्थ्य क़र्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ अपने स्तर एवं जिला स्तर पर अपने वरीय अधिकारियों को लिखित शिकायत कर कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Jharkhand NewsJharkhand Latest NewsDumri Referral HospitalNewborn Dies