द फॉलोअप डेस्क
एकीकृत ई-मार्केट प्लेटफॉर्म एनसीडीईएक्स ई-मार्केट्स (NCDEX e-Markets Ltd) NeML के अधिकारियों के साथ गुरुवार को सीएम हेमंत सोरेन ने बैठक की। यह बैठक राज्य में कृषि एवं किसानों के कल्याण के लिए एक बेहतर कार्य योजना बनाए जाने और किसानों की आय वृद्धि पर केंद्रित रहा। इसमें मुख्यमंत्री हेमंत ने अधिकारियों से कहा कि यहां के किसानों के आय में वृद्धि करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। झारखंड के किसानों द्वारा उत्पादित वस्तुओं का उचित मूल्य उन्हें मिल सके इस निमित्त एक बेहतर बाजार प्रबंधन तैयार करने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों द्वारा उत्पादित सब्जियों के ऑनलाइन बिक्री के लिए डिजिटल मार्केटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि NeML पायलट प्रोजेक्ट के तहत जल्द 4 से 5 जगहों का चयन करे और बेहतर कार्य योजना बनाकर संबंधित विभाग को रिपोर्ट समर्पित करे।

किसानों को बेहतर बाजार प्रबंधन की सुविधा उपलब्ध कराएं
मुख्यमंत्री ने NeML के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि समय-समय पर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के कर्मियों और किसानों को आधुनिक तकनीकों का उपयोग किस प्रकार की जाए, इसका प्रशिक्षण दें। उनका क्षमतावर्द्धन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में वनोपज अधिक मात्रा में पाए जाते हैं। माइनर फॉरेस्ट प्रोड्यूस की खरीद-बिक्री के लिए एनईएमएल सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज राज्य सहकारी संघ लि० के साथ समन्वय बनाकर एक बेहतर बाजार प्रबंधन की सुविधा यहां के किसानों को उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के किसानों को उनके उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सके इस निमित्त राज्य सरकार बाजार मैनेजमेंट पर बल दे रही है।

पावर पॉइंट प्रजेंटेशन दिया
एनईएमएल के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी मृगांक परांजपे ने मुख्यमंत्री के समक्ष कार्य योजना से संबंधित एक पावर पॉइंट प्रजेंटेशन दिया। मृगांक परांजपे ने कहा कि झारखंड सरकार के साथ साझेदारी कर राज्य के किसानों की आय को बढ़ाने की दिशा में एनईएमएल अपनी भूमिका निभाना चाहती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर राज्य के लाखों किसानों के जीवन स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाने निमित्त हमारी संस्था प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। मौके पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, कृषि सचिव अबू बकर सिद्दीकी, सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज राज्य सहकारी संघ लि० के सीईओ संजीव कुमार, सचिव जयप्रकाश शर्मा, एनईएमएल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट यशवंत सिंह, सहायक मैनेजर रितेश कुमार सहित संबंधित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT