logo

एनडीए चूल्हा तक पहुंच गया, यूपीए जनता की चौखट तक भी नहीं पहुंचा- सुदेश

sudesh11.jpg

द फॉलोअप डेस्क
एनडीए जनता के चूल्हा तक पहुंच गया है। लेकिन महागठबंधन लोगों की चौखट तक भी नहीं पहुंच पाया। चूल्हा प्रमुख के कॉन्सेप्ट को समझना झामुमो-कांग्रेस के बस की बात नहीं है। यह बातें आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो ने रामगढ़ उपचुनाव के तहत गोला प्रखंड में जनसंपर्क अभियान के दौरान कही। उन्होंने कहा कि जनता से चुनावी रिश्ते बनाने वाली पार्टियों को आम जनमानस के सुख-दुःख से कोई लेना देना नहीं। इसलिए ये चूल्हा प्रमुख और इसके व्यापक मकसद को समझ नहीं पाए और इससे डरे हुए हैं। सुदेश ने कहा कि महागठबंधन सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में राज्य में कितना विकास हुआ, इसका आंकलन उनकी जन्मस्थली आकर किया जा सकता। आज भी मुख्यमंत्री जी के गांव में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा की व्यवस्था बदतर है। जो राजा अपनी जन्मस्थली का विकास नहीं कर सका, वो राज्य का विकास क्या करेगा।

बिना घूस के नहीं होता कोई काम
गोला प्रखंड के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क करते हुए सत्तारूढ़ कांगेस, झामुमो और राजद पर हमला करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि हेमंत सरकार में चारों तरफ अराजकता है। बिना घूस के कोई काम नहीं होता। दिन में झूठ और रात के लूट यही महागठबंधन की विचारधारा है। तीन वर्षों से मुख्यमंत्री नौकरी की दुकान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव झारखंड की दिशा एवं दशा तय करेगा। महागठबंधन के तीन वर्षों के कार्यकाल से आम जनता त्रस्त है। युवाओं में व्याप्त निराशा भी साफ-साफ झलक रही। सड़क और संघर्ष के अलावा युवाओं के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा।

डोर टू डोर कैंपेन कर रहे हैं सीपी चौधरी
आजसू पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष एवं गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी डोर टू डोर कैंपेन कर रहे हैं। इस कैंपेन के तहत एनडीए प्रत्याशी सुनिता चौधरी के पक्ष में लोगों से वोट करने की अपील कर रहें। उन्होंने कहा कि हमने रामगढ़ को नई पहचान दी। विकास का नया अध्याय लिखा हैं। मगर झामुमो-कांग्रेस-राजद की सरकार ने रामगढ़ से उसका परिचय ही छीन लिया। जो रामगढ़ विकास के सभी मानकों में अव्वल हुआ करता था, वो आज सबसे पिछले पायदान पर पहुंच चुका। यही हाल पूरे राज्य का है। यही इस सरकार की उपलब्धि है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT