logo

नगर निकाय चुनाव 2026 : अध्यक्ष पद के लिए 3 ने किया नामांकन, जामताड़ा-मिहिजाम में बढ़ी चुनावी सरगर्मी

nagar5.jpg

जामताड़ा/मिहिजाम :
नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत जामताड़ा और मिहिजाम नगर परिषदों में नामांकन प्रक्रिया जोर-शोर से जारी है। जिला जनसंपर्क कार्यालय, जामताड़ा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों नगर परिषद क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही हैं।
जामताड़ा नगर परिषद (आम) में अध्यक्ष पद के लिए आज एक नामांकन प्रपत्र की बिक्री हुई, जबकि अब तक कुल सात प्रपत्र बिक चुके हैं। इस पद के लिए अब तक तीन अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन करने वालों में मुक्ता मंडल, लवली दुबे और बबीता झा शामिल हैं।
वार्ड पार्षद पद के लिए आज आठ नामांकन प्रपत्रों की बिक्री हुई है। अब तक कुल 52 प्रपत्र बिक चुके हैं। वार्ड पार्षद पद के लिए अब तक पांच अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें उत्तम कुमार रवानी (वार्ड-03), राजेश कुमार यादव (वार्ड-04), अजय सिंह (वार्ड-04), किरण देवी (वार्ड-05) और सुनिका देवी (वार्ड-13) शामिल हैं।


मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) में अध्यक्ष पद के लिए आज चार नामांकन प्रपत्रों की बिक्री हुई है। अब तक कुल 14 प्रपत्र बिक चुके हैं, हालांकि इस पद के लिए अभी तक किसी भी अभ्यर्थी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। नामांकन प्रपत्र खरीदने वालों में सुनीता भंडारी, मधुबाला देवी, सुधा देवी और गुलशन आरा के नाम शामिल हैं।
वार्ड पार्षद पद के लिए मिहिजाम में आज 26 नामांकन प्रपत्रों की बिक्री हुई, जबकि अब तक कुल 76 प्रपत्र बिक चुके हैं। अब तक नौ अभ्यर्थियों ने विभिन्न वार्डों से नामांकन दाखिल किया है। इनमें विकास कुमार वर्मा (वार्ड-07), मुमताज बानो (वार्ड-05), मनीषा महतो (वार्ड-03), विष्णुदेव मुर्मू (वार्ड-01), बेबी राय (वार्ड-16), महेंद्र प्रसाद (वार्ड-14), रवि कुमार मिस्त्री (वार्ड-14), आलोक मिस्त्री (वार्ड-13) और रेशमा खातून (वार्ड-10) शामिल हैं।
दोनों नगर परिषद क्षेत्रों में वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, जबकि अध्यक्ष पद को लेकर अभ्यर्थी फिलहाल सतर्क रुख अपनाते नजर आ रहे हैं। आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियों के और तेज होने की संभावना है।


 

Tags - Municipal Election Chairperson Post Nomination Process Jamtara Mihijam