रांची:
Ranchi News: झारखंड में 'अकवान' का असर कम हो गया है, लेकिन मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। सोमवार को रांची समेत राज्य के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में सुबह के कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, सुबह के बाद मौसम साफ हो जाएगा।
अगले तीन दिनों में 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
मौसम केंद्र के अनुसार, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे राज्य में ठंड बढ़ने के आसार हैं। मंगलवार से रांची का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, 25 नवंबर को न्यूनतम तापमान 12 और अधिकतम 25 डिग्री रहने का अनुमान है। 26 नवंबर को न्यूनतम तापमान 12 और अधिकतम 24 डिग्री रह सकता है।
रविवार को रांची में 4.1 मिमी बारिश
रविवार को रांची में 4.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि लातेहार में 2 मिमी बारिश हुई। खराब मौसम का असर रविवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान परिचालन पर भी पड़ा। इंडिगो की कोलकाता-रांची उड़ान रद्द रही, जबकि दिल्ली, पुणे, कोलकाता, बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद से रांची आने वाली नौ उड़ानें विलंब से पहुंचीं। एयरलाइंस के एक अधिकारी के अनुसार, दूसरे राज्यों में मौसम खराब रहने के कारण रांची आने वाली उड़ानें प्रभावित हुईं।