साहिबगंज:
Jharkhand News: लोक आस्था का महापर्व छठ (Chhath) 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू हो जाएगा। छठ घाटों पर तैयारी हो रही है। इस बीच राजमहल के सांसद विजय हांसदा (Rajmahal MP Vijay Hansda) ने नगर क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ और व्रतियों की सुविधा के मद्देनजर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी जारी है। सांसद विजय हांसदा ने उत्तरवाहिनी गंगा तट पर सूर्यदेव घाट, गुदारा घाट और एलसीटी घाट समेत अन्य प्रमुख छठ घाटों का दौरा किया।

सांसद विजय हांसदा ने अधिकारियों को दिया निर्देश
सांसद विजय हांसदा ने श्रद्धालुओं को होने वाली संभावित परेशानियों को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम उठाएं। सांसद विजय हांसदा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पानी के भीतर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रौशनी, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद दानिश हुसैन, वार्ड पार्षद, नगर पंचायत के कर्मी, झामुमो के नगर एवं प्रखंड अध्यक्ष समेत पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नगर पंचायत और विभागों की प्रमुख चुनौती
अब छठ पर्व से पहले नगर पंचायत और संबंधित विभागों के सामने घाटों की सफाई, सुरक्षा इंतजाम और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की चुनौती है। श्रद्धालुओं की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निरीक्षण के दौरान सामने आई व्यवस्थाओं को कितनी तत्परता से धरातल पर उतारा जाता है, ताकि लोक आस्था का यह महापर्व श्रद्धा और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।