logo

गिरिडीह : 3 बच्चों की मां की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप; पति हिरासत में, ससुराल पक्ष फरार

DEATH11.jpg

गिरिडीह
गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडारी पंचायत के गादी गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई. मृतका की पहचान 26 वर्षीय काजल कुमारी में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार काजल कुमारी की शादी वर्ष 2019 में हुई थी. शुक्रवार को उसका शव घर के कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला. घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और हंगामा करने लगे. 

पति को छोड़ ससुराल के सभी लोग फरार
परिजनों ने काजल की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. वहीं घटना के बाद पति को छोड़कर ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. मृतका की बहन मोदिता ने बताया कि उन्हें फोन पर काजल की मौत की सूचना मिली थी. जब वे ससुराल पहुंचीं तो काजल मृत अवस्था में पड़ी थी. उन्होंने आरोप लगाया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अक्सर विवाद और झगड़ा होता रहता था. उन्होंने आशंका जताई कि इसी विवाद के कारण उनकी बहन की हत्या की गई है. काजल अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है.
दहेज हत्या का लगा आरोप
वहीं आवेदनकर्ता एवं मृतका के भाई कुंदन कुमार ने बताया कि घटना से पहले उन्हें फोन कर 1.5 लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर उनकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. इधर, मृतका के पति संदीप मोदी ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह घर से बाहर गया हुआ था और उसे मामले की जानकारी नहीं है. घटना की सूचना मिलने पर तिसरी थाना प्रभारी प्रभुनंद ईश्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शुरुआत में मायके पक्ष के लोग शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का विरोध कर रहे थे, लेकिन पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया. फिलहाल पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुट गई है.

 

Tags - Dowry Death in Giridih Giridih Dowry Death latest jharkhand News jharkhand News Updates Latest Giridih news