logo

20 से अधिक माइंस बंद, जनता के सहयोग से होगा बड़ा आंदोलन: मधु कोड़ा

madhu_koda_on_closed_mines.jpg

जमशेदपुर
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने राज्य में बंद पड़ी लौह अयस्क खदानों, बढ़ती बेरोजगारी और पलायन को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान माइंस खुलवाने, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और जल-जंगल-जमीन पर आदिवासी-मूलवासी अधिकार की बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया जाता है.
मीडिया के माध्यम से जनता की पीड़ा खुलकर सामने आ रही: मधु कोड़ा
उन्होंने कहा कि बड़ाजामदा, नोवामुंडी, गुवा और किरीबुरू समेत पूरे खनन क्षेत्र में हजारों युवा बेरोजगारी और पलायन की मार झेल रहे हैं. क्षेत्र में रोजगार और व्यापार का संकट लगातार गहराता जा रहा है. छोटे दुकानदारों, ट्रांसपोर्टरों, होटल व्यवसायियों, मजदूरों और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं दिख रही है. मधु कोड़ा ने कहा कि अब मीडिया और अखबारों के माध्यम से जनता की पीड़ा खुलकर सामने आ रही है. जनप्रतिनिधियों की बेरुखी और निष्क्रियता के कारण लोग अपनी आवाज उठाने के लिए मीडिया का सहारा लेने को मजबूर हैं. उन्होंने इसे सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की विफलता करार दिया.
कुछ जनप्रतिनिधि जनता को बरगलाते है और चुनाव जीतते है: मधु कोड़ा
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जनप्रतिनिधि सिर्फ जनता को बरगलाकर चुनाव जीतने का काम कर रहे हैं. अगर सरकार गंभीर होती, तो 20 से अधिक माइंस वर्षों तक बंद नहीं रहतीं. उन्होंने कहा कि खदान बंद होने का सीधा असर स्थानीय अर्थव्यवस्था और लोगों की आजीविका पर पड़ा है. पूर्व मुख्यमंत्री ने हाल में गुवा क्षेत्र में सेल प्रबंधन के खिलाफ हुए जनआंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे यह साबित हुआ है कि जब जनता संगठित होती है, तो सरकार और प्रबंधन दोनों को झुकना पड़ता है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द माइंस शुरू कराने, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और प्रभावित परिवारों के लिए ठोस नीति बनाने की दिशा में पहल नहीं करती है, तो जनता के सहयोग से व्यापक आंदोलन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि अब जनता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहती है. सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा और उनकी मांगों को हर हाल में पूरा करना होगा.

Tags - Madhu Koda on Mines madhu Koda on Closed Mines madhu Koda on Closed Minies madhu Koda on mines Closing Mines Closed in jharkhand