logo

भारत के संविधान और आदिवासियों की पहचान पर है मोदी की गिद्ध दृष्टि: बंधु तिर्की

LAPUNG.jpeg

रांची
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने आज लापुंग के गटया टोली बगीचा में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गिद्ध नजर भारत के संविधान और आदिवासियों की पहचान पर है। तिर्की ने कहा कि केन्द्र सरकार, भारतीय जनता पार्टी और विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आदिवासियों की सभ्यता-संस्कृति के दुश्मन हैं। साथ ही पूरे देश एवं यहां के सभी लोगों और उनके भविष्य पर ग्रहण के समान हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी और नरेन्द्र मोदी के आने-जाने की बजाय भारतीय संविधान और भारतीय लोकतंत्र के सम्मान का सवाल है। तिर्की ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों के हित और आदिवासियों के साथ ही अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अल्पसंख्यकों के साथ ही देश के प्रत्येक व्यक्ति के हित में अनेक कानून बनाये। लेकिन 2014 में पहली बार और 2019 में दूसरी बार सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उन सभी कानूनों को कमजोर किया। 

संविधान के असली स्वरूप पर खतरा


तिर्की ने कहा, आज स्थिति यह है कि संविधान के असली स्वरूप पर ही खतरा है। तिर्की ने जोर देकर कहा कि संविधान के बदलाव या फिर लोकतंत्र के खत्म होने का खामियाजा सभी लोगों को उठाना पड़ेगा। संभव है कि स्थिति वैसी हो जाये कि यह चुनाव देश का अंतिम चुनाव हो। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार चाहे जिस भी योजना पर कम करे लेकिन उसका फायदा एवं उद्देश्य तो केवल अपने कुछेक पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाना है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राहुल गांधी की सोच में सबसे बड़ा अंतर यही है। प्रधानमंत्री जहां उंगली पर गिने जानेवाले कुछ लोगों और अपने दोस्तों को फायदा देना चाहते हैं वहीं राहुल गांधी देश के हर एक व्यक्ति को देश के संसाधनों का लाभ दिलाना चाहते हैं। इसीलिये जिसकी जितनी हिस्सेदारी उसकी उतनी भागीदारी का उन्होंने नारा दिया है।

ऐसे तैयार हुआ कांग्रेस का घोषणा पत्र 

तिर्की ने कहा कि कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक और मणिपुर से लेकर मुंबई तक की अपने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के क्रम में राहुल गांधी ने न केवल हजारों लोगों से बातचीत की बल्कि वह हर पेशे के लोगों से मिले। उन्होंने मजदूरों, महिलाओं, मछुआरों, युवाओं अर्थात सभी से मुलाकात कर निष्कर्ष निकाला। यही कांग्रेस के घोषणा पत्र में है। तिर्की ने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत में जब वे लापुंग में आये थे, तो यहां सड़क, बिजली, हॉस्पिटल कुछ भी नहीं था। अब स्थिति में बहुत सुधार हुआ है। इसलिये कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव भगत को जीत दिलाना जरूरी है। आज की चुनावी सभा को लापुंग प्रखंड कांग्रेस के अध्यक्ष जयंत बारला, सुदामा महली, दीपू सिन्हा, विश्वनाथ मुण्डा, मंगा तिर्की, प्रभुदान कोंगाड़ी, देवेन्द्र वर्मा, रामा मुण्डा, बेलस तिर्की, नेसार अहमद और केडी गुरु सहित अनेक कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया।

 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -                    

https://chatwhatsappcom/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn

Tags - Bandhu TirkeyConstitution Tribal identity