द फॉलोअप डेस्क
राजनीति के व्यस्त जीवन के बीच पोटका विधायक संजीव सरदार का एक अलग और सादगी भरा अंदाज इन दिनों चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विधायक अपने पैतृक गांव उदाल में बेटे के साथ खेतों में काम करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह न सिर्फ खेती करते दिख रहे हैं, बल्कि अपने बेटे को भी मिट्टी, मेहनत और ग्रामीण जीवन से जुड़ने की सीख देते नजर आ रहे हैं।
"हमर सोना झारखंड, दिल से सबसे प्यारा,
— Sanjib Sardar- MLA, Potka (@SanjibSardar46) July 28, 2026
माटी की खुशबू में बसता है अपना संसार सारा।"@HemantSorenJMM @JMMKalpanaSoren @JmmJharkhand pic.twitter.com/KlKtUheC7O
हाफ पैंट-टीशर्ट में खेतों में उतरे विधायक
वायरल वीडियो में विधायक संजीव सरदार हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने खेतों में काम करते दिख रहे हैं। कभी वह ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट संभालकर खेत जोतते नजर आते हैं, तो कभी बैलों के साथ खेत में काम करते और मेड़ बनाने के लिए कुदाल चलाते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उनका बड़ा बेटा आयान सरदार भी उनके साथ मौजूद है, जिसे विधायक खेती-किसानी की बारीकियां समझाते नजर आ रहे हैं।
बेटे को सिखा रहे मिट्टी और परंपरा से जुड़ने की सीख
वीडियो को लेकर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि वह चाहते हैं कि उनका बेटा अपनी जमीन, अपनी संस्कृति और अपनी जड़ों को समझे। आधुनिक जीवनशैली के दौर में बच्चों का गांव, मिट्टी और परंपराओं से जुड़ाव बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेत में काम करना सिर्फ खेती सीखना नहीं है, बल्कि यह मेहनत, धैर्य और प्रकृति के साथ तालमेल की सीख भी देता है। अपनी मिट्टी से जुड़ाव इंसान को अपनी पहचान और विरासत से जोड़े रखता है। 
खेती परिवार की विरासत, मिट्टी से भावनात्मक रिश्ता कायम
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि खेती उनके परिवार की पुरानी विरासत रही है। उनके पूर्वज इसी जमीन से जुड़े रहे हैं और आज भी उनका अपनी मिट्टी से भावनात्मक रिश्ता कायम है। उन्होंने कहा कि खेती हमारे लिए सिर्फ आजीविका का साधन नहीं, बल्कि हमारी पहचान, इतिहास और संस्कृति का हिस्सा है। जिस मिट्टी ने हमारे परिवार को जोड़ा है, उससे नई पीढ़ी को भी परिचित कराना हमारा कर्तव्य है। बता दें कि विधायक संजीव सरदार के खेत में काम करते इस वीडियो को अब तक सोशल मीडिया पर एक लाख से अधिक लोग देख चुके हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने उनकी सादगी और अपनी जड़ों से जुड़े रहने के प्रयास की सराहना भी की है। ऐसे में राजनीतिक गतिविधियों के बीच गांव और खेती से जुड़ा विधायक का यह रूप सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।