logo

मंत्री सुदिव्य से मिले विधायक संजीव सरदार, हरिणा मेला को राजकीय मेला घोषित करने की रखी मांग

sanjeev_sardar_mantri_sudivya.jpg

रांची
रांची स्थित मंत्री आवास में पोटका विधायक संजीव सरदार ने बुधवार को झारखंड सरकार के पर्यटन, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर पोटका क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया. विधायक ने मुक्तेश्वर धाम हरिणा में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले प्रसिद्ध हरिणा मेले को राजकीय मेला घोषित करने की मांग रखते हुए कहा कि इस संबंध में प्रस्ताव पूर्व में ही सरकार को भेजा जा चुका है और इसे शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जानी चाहिए.
विधायक संजीव सरदार ने मंत्री को बताया कि मुक्तेश्वर धाम हरिणा में हर वर्ष आयोजित होने वाले मेले में झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओड़िशा से लाखों श्रद्धालु चार दिनों तक मंदिर दर्शन और मेले का आनंद लेने पहुंचते हैं. यह मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र बन चुका है. विधायक ने कहा कि राजकीय मेला घोषित होने से यहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा क्षेत्रीय पर्यटन को भी नयी पहचान मिलेगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार संस्कृति और परंपरा को संरक्षित करने की दिशा में कार्य कर रही है. मंत्री ने इस मामले में तत्काल पहल का आश्वासन दिया और अधिकारियों को तत्काल ही आवश्यक निर्देश दिये.

पोटका में खेल और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने पर भी जोर
विधायक संजीव सरदार ने मंत्री से पोटका विधानसभा अंतर्गत विभिन्न स्टेडियमों के निर्माण के लिए भी पहल करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और बेहतर मैदानों के अभाव में प्रतिभाओं को उचित मंच नहीं मिल पाता. क्षेत्र में स्टेडियम निर्माण होने से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा. इसके साथ ही विधायक ने पोटका क्षेत्र में प्रस्तावित राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान के विषय में भी चर्चा की. उन्होंने कहा की तकनीकी शिक्षा के विस्तार से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें रोजगारोन्मुख शिक्षा प्राप्त होगी. विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को शिक्षा, खेल, रोजगार और पर्यटन से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है. उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री स्तर पर सकारात्मक पहल के बाद पोटका क्षेत्र को विकास की नई सौगात मिलेगी. मंत्री ने आश्वासित किया की राज्यसरकार युवाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है, खास कर खेल और पर्यटन के क्षेत्र में विकास की दिशा में कार्य हो रहे है, सभी विषयों में जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिए जायेंगे.

Tags - Potka MLA Sanjiv Sardar Sudivya Kumar Sonu meeting Harina Mela Rajya Mela Mukteshwar Dham Harina sports infrastructure Potka