द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस के निलंबित विधायक डॉ. इरफान अंसारी से सोमवार को ईडी ने कैश कांड मामले में पूछताछ की। जानकारी के अनुसार करीब 10 घंटे तक ईडी के अधिकारियों की पूछताछ में विधायक इरफान ने कहा कि सरकार गिराने के लिए वह कभी भी खरीद-फरोख्त में शामिल नहीं रहे। उन्होंने ईडी के पदाधिकारियों से कहा कि विधायक नमन बिक्सल कोंगारी और राजेश कच्छप के साथ मिलकर अपने क्षेत्र के लोगो के लिए साड़ियां खरीदने के लिए बंगाल जा रहे थे। ईडी ने जब उनसे पैसे का स्रोत पूछा तो कुछ दस्तावेज और वाउचर भी इरफान के द्वारा प्रस्तुत करने की बात सामने आ रही है। इरफान ने विधायक जयमंगल सिंह को रिश्वत की पेशकश देने से पूरी तरह इंकार किया है।

48 लाख रुपए के साथ पकड़ाए थे तीनों विधायक
कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सेल कोंगारी को 48 लाख रुपए के साथ 30 जुलाई 2022 को हावड़ा में बंगाल पुलिस ने पकड़ा था। तीनों विधायकों पर आरोप लगा कि वे सरकार गिराने के लिए खरीद-फरोख्त में शामिल हैं। इस कैश कांड के मामले में ईडी ने 24 दिसंबर को बेरमो विधायक जयमंगल सिंह का बयान दर्ज किया था। दरअसल विधायक जयमंगल सिंह ने अरगोड़ा थाना में जीरो एफआईआर दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने तीनों विधायकों पर आरोप लगाया था कि वे भाजपा से कैश लेकर लौट रहे थे। सरकार गिराने की मुहिम में शामिल होने परे आरोपी विधायकों ने उन्हें भी 10 करोड़ रुपए की पेशकश की थी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT