गिरिडीह:
Girdih News: झारखंड के गिरिडीह जिले में मानव तस्करी के एक संभावित नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पचंबा थाना क्षेत्र से अगवा नौवीं कक्षा की छात्रा को पुलिस ने ओडिशा के ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। वहीं, मामले में भंडारीडीह निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस बुधवार को छात्रा और आरोपी को लेकर गिरिडीह पहुंची, जहां आरोपी से पचंबा थाने में पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में छात्रा को मानव तस्करी के उद्देश्य से अगवा किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस के अनुसार, छात्रा को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बेचने और वहां से बांग्लादेश भेजने की योजना थी। छोटी दिवाली के दिन छात्रा अपराह्न करीब 3:30 बजे अलकापुरी स्थित कोचिंग संस्थान जाने के लिए घर से निकली थी। लेकिन वह कोचिंग नहीं पहुंची। शाम छह बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद छात्रा के पिता ने उसी रात पचंबा थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए आवेदन दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया।

चार राज्यों में मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी का पीछा शुरू किया। जांच के दौरान उसकी लोकेशन पहले पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और फिर रामपुरहाट में मिली। इसके बाद मोबाइल लोकेशन ओडिशा की ओर जाने वाली ट्रेन में मिलने लगी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ट्रेन बदल रहा था। चार राज्यों में मोबाइल लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। ट्रेन के कटक के पास पहुंचने पर पुलिस ने आरपीएफ की मदद ली। इसके बाद ट्रेन के सभी डिब्बों की तलाशी के दौरान ओडिशा के ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन पर छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया। मौके से आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मानव तस्करी के संभावित नेटवर्क और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।