द फॉलोअप डेस्क
बीएयू स्टेडियम में मीडिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता 2023 में मंगलवार को शंख और भैरवी की टीम ने अपने-अपने मुकाबले में जीत हासिल की। पहले मुकाबले में शंख ने कांची की टीम को 5 विकेट से हराया। पहले खेलते हुए कांची ने 4 विकेट खोकर 130 रन बनाए। अमोद साहू ने 53 गेंदों पर नाबाद 53 रन, फिरोज जिलानी ने 27 और आलोक सिंह ने नाबाद 15 रन का योगदान किया। मोइजुद्दीन ने 2 व दिवाकर और मनोज को एक-एक मिला। 131 रन का विजयी लक्ष्य शंख ने मात्र 13.3 ओवर में ही प्राप्त कर लिया। शंख की ओर से वीरेंद्र ने 43, मोइजुद्दीन ने 30 और सोनू ने 10 रन बनाए। कांची की ओर से राजा मेंहदी, रियाज आलम और आलोक सिंह ने एक एक विकेट लिए। ऑलराउंडर प्रदर्शन के कारण मोइजुद्दीन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

भैरवी ने 25 रन से अमानत को हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में भैरवी टीम ने अमानत को 25 रन से हराया। भैरवी ने पहले खेलते हुए पिंटू दुबे के 40, राकेश के 32 और अमित झा के 20 रन की बदौलत 145 रन बनाए। अमानत की ओर से मोकर्रम अंसारी ने 4, अखिलेश सिंह ने एक विकेट लिया। 146 रन के विजयी लक्ष्य का पीछा करते हुए अमानत की टीम 120 रन पर ही सिमट गई। भैरवी की ओर से प्लेयर ऑफ द मैच नागेंद्र ने 4 और एसके समीर ने हैट्रिक विकेट लेकर अमानत की जीत के मंसूबे पर पानी फेर दिया। एक समय अमानत को जीत के लिए 21 गेंदों पर 32 रन की दरकार थी और 5 विकेट शेष थे लेकिन 6 गेंद पर 6 रन बनाकर आखिरी के पांच बल्लेबाज आउट हो गए।

8 फरवरी को होने वाला मुकाबला
मैच 1- सुबह 8.30 बजे : खरकई बनाम सकरी
मैच 2- दोपहर 12.30 बजे : दामोदर बनाम स्वर्णरेखा
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT