द फॉलोअप डेस्क
वार्षिक माध्यमिक/इंटरमीडिएट परीक्षा 2023 के सफल आयोजन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां लगभग मुकम्मल कर ली। वार्षिक माध्यमिक/इंटरमीडिएट (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) परीक्षा-2023 की माध्यमिक सैद्धांतिक परीक्षा दिनांक 14.03.2023 से दिनांक 03.04.2023 तक प्रथम पाली में एवं इंटरमीडिएट की सैद्धांतिक परीक्षा दिनांक 14.03.2023 से दिनांक 05.04.2023 तक दूसरी पाली में संचालित होगी। वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2023 के संचालन के लिए रांची जिला में कुल 102 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें कुल 36509 परीक्षार्थी भाग लेंगे। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा के संचालन के लिए रांची जिला में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें कुल 38913 परीक्षार्थी भाग लेंगे। मतलब दोनों परीक्षाओं में कुल 75,422 स्टूडेंट्स भाग लेंगे।

कदाचार मुक्त परीक्षा आयोजित करने की तैयारी
कदाचार मुक्त एवं तनावमुक्त वातावरण में परीक्षा के सफल संचालन की तैयारी जिला प्रशासन ने की है। इसको लेकर सोमवार को डीसी राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय ब्लॉक बी स्थित कमरा संख्या 505 में केन्द्राधीक्षकों की बैठक आयोजित की गई। डीसी ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि हर हाल में परीक्षा केन्द्र पर झारखण्ड परीक्षा संचालन अधिनियम 2001 का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु पयाप्त संख्या में पुलिस बल स्थाई दण्डाधिकारी, उडनदस्ता, जोनल मेजिस्ट्रेट, आब्जर्वर एवं जिला के वरीय पदाधिकारियों का प्रतिनियुक्त करते हुए दायित्व सौंपा जा रहा है। राजधानी रांची का परीक्षा संचालन संदेश पूरे राज्य के लिए आदर्श बिन्दु के रूप में मान्य होता हैं, इसलिए कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में बेंच-डेस्क उपलब्ध कराने, सीसीटीवी कैमरा का क्रियात्मक संचालन, पेयजल और बिजली आदि की व्यवस्था का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।

जानें परीक्षा का डिटेल
वार्षिक माध्यमिक परीक्षा प्रथम पाली में प्रातः 09.45 बजे पूर्वाह्न से 01.05 बजे अपराह्न तक संचालित होगी। जबकि, वार्षिक इंटरमीडिएट परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 02.00 बजे से 05.20 बजे अपराह्न तक संचालित होगी। इस वर्ष माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट दोनों वर्गों की परीक्षा ओएमआर शीट एवं उत्तरपुस्तिका पर ली जाएगी। मैट्रिक परीक्षा में टर्म-1 प्रारूप के अनुसार 9.45 से 11.20 तक और टर्म-2 प्रारूप के अनुसार 11.25 से 01.05 बजे तक तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में टर्म-1 प्रारूप के अनुसार 02.00 बजे से 03.35 अपराह्न तक तथा टर्म 2 प्रारूप के अनुसार 03.40 से 05.20 बजे अपराह्न तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। ओएमआर शीट पर परीक्षा के लिए 01.30 (डेढ़ घंटे) एवं उत्तरपुस्तिका पर परीक्षा के लिए 1.30 (डेढ घंटे) का समय निर्धारित किया गया है। 15 मिनट तक परीक्षार्थी प्रश्न पत्र पढ़ेंगे और 10.00 बजे पुनः घंटी बजते ही उत्तर लिखना प्रारंभ कर देंगें। परीक्षा 01.05 बजे समाप्त होगी। इसी तरह से दूसरी पाली में 15 मिनट तक परीक्षार्थी प्रश्न पत्र पढेंगें तथा 2.15 बजे पुनः घंटी बजते ही उत्तर लिखना प्रारंभ कर देंगें और परीक्षा 05.20 बजे समाप्त होगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT