चतरा:
Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी के नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्लांट में बुधवार को बड़ा हादसा होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि प्लांट में कन्वेयर बेल्ट पर काम करने के दौरान कई कर्मचारी करीब 50 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिर गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 5 कर्मचारियों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, कई अन्य कर्मचारियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने और राहत-बचाव कार्य किए जाने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि, हादसे में मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या, उनकी पहचान और दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस संबंध में एनटीपीसी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। करीब 50 मीटर की ऊंचाई पर कन्वेयर बेल्ट में काम के दौरान हुए इस हादसे ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऊंचाई पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए सुरक्षा उपकरणों और बचाव के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, इसकी जांच भी महत्वपूर्ण होगी।