logo

तेज आंधी के साथ बारिश से जनजीवन प्रभावित, बिजली गिरने से एक नाबालिग की हुई मौत, दो घायल

1432.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में मौसम का मिजाज अचानक से बदला। गुरुवार की सुबह तेज धूप थी, मगर दोपहर होते-होते सूरज को बादलों ने ढंक दिया। दोपहर में ही अंधेरा छा गया। फिर बादल गरजने के साथ जोरदार बारिश हुई। 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। एक ओर आंधी के कारण पेड़ टूटकर गिर गए तो दूसरी ओर बिजली के तार और पोल भी गिर गए। वहीं, धुर्वा में एक नाबालिग लड़की की मौत आकाशीय बिजली के गिरने के कारण हो गई। धुर्वा के शालीमार बाजार के पास वज्रपात से जिस नाबालिग रितिका मुंडा की मौत हुई, उसकी उम्र महज (13) साल थी। वहीं, दो अन्य लोग भी घायल हुए जिनका इलाज पारस अस्पताल में चल रहा है।

पेड़ गिरने से कार-बाइक हुए क्षतिग्रस्त
बारिश के दौरान रांची में कई जगहों पर तेज हवा की वजह से पेड़ गिर गए। रेडिशन ब्लू होटल के पास पेड़ की डाली और बिजली का पोल गिरा। जिसके कारण एक कार और बाइक क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, तेज आंधी की वजह से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। रांची के साथ-साथ गुमला, सिमडेगा सहित राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। बताते चलें कि मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने गुरुवार को कहा कि मौसम का मिजाज 16 से 20 मार्च तक बदला-बदला नजर आएगा। बारिश के साथ ओलावृष्टि, मेघ गर्जन और वज्रपात भी होंगे। उन्होंने बताया कि झारखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और सब हिमालयन वेस्ट बंगाल से लेकर ओडिशा तक बने एक सिस्टम का असर देखने को मिल रहा है।

जानें आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति
17 मार्च : राज्य में कहीं-कहीं गर्जन-वज्रपात के साथ तेज सतही हवा (अधिकतम गति: 30-40 किमी) चलने की संभावना है। राज्य के उत्तरी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है।

18 मार्च : राज्य में कहीं-कहीं गर्जन-वज्रपात के साथ तेज सतही हवा (अधिकतम गति: 40-50 किमी) चलने की संभावना है।

19 मार्च : राज्य में कहीं-कहीं गर्जन-वज्रपात के साथ तेज सतही हवा (अधिकतम गति: 30-40 किमी) चलने की संभावना है।

20 मार्च : राज्य में कहीं-कहीं गर्जन-वज्रपात के साथ तेज सतही हवा (अधिकतम गति: 30-40 किमी) चलने की संभावना है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT