गोड्डा/पाकुड़
सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल एक बार फिर कानून की गिरफ्त में आ गया है। यूट्यूब से नकली नोट बनाने की तकनीक सीखकर एक गिरोह नकली करेंसी का कारोबार चला रहा था। झारखंड के पाकुड़ जिले में सक्रिय इस गिरोह में गोड्डा के भी दो युवक शामिल थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है।
इस गिरोह में पाकुड़ निवासी बादशाह खान के साथ-साथ गोड्डा जिले के दीपक पंडित और चमकलाल पंडित भी शामिल थे। ये तीनों मिलकर पाकुड़ में नकली नोट छापने का काम कर रहे थे और फिर इन नोटों को बाजार में खपाते थे।
पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना मिली, एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मौके से नकली नोट छापने की सामग्री जब्त की गई। पुलिस को छापेमारी में कुल 500 रुपए के 9 नकली नोट, 100 रुपए के 26 नकली नोट, एक नोट छापने की मशीन, विशेष कागज, दो मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन मिले हैं।

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नकली नोट कहां-कहां खपाए गए और इस गिरोह के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे संदिग्ध नोट मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना को सूचित करें और सोशल मीडिया पर दिखाए जा रहे भ्रामक वीडियो से बचें।
