द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची के बीआईटी थाना क्षेत्र में देर रात अपराधियों ने दो पेट्रोल पंपों को निशाना बनाते हुए डकैती की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, आधा दर्जन की संख्या में बदमाश बाइक और कार से पहुंचे और हथियार के बल पर लूटपाट की। एक पेट्रोल पंप से अपराधियों ने दो लाख रुपये से अधिक की नकदी लूट ली, जबकि दूसरे पेट्रोल पंप से करीब दो हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मामले की पुष्टि करते हुए बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है और पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
