logo

देर रात रांची में चली बीजेपी विधायकों की बैठक, विधानसभा सत्र के साथ-साथ कई बिंदुओं पर मंथन

सोलूपोल.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
रांची में गुरुवार देर रात असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी के झारखंड विधानसभा चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने पार्टी विधायकों के साथ बैठक की। इसमें मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी समेत भाजपा के सभी विधायक मौजूद थे। बैठक में विधानसभा में हुए आंदोलन और स्पीकर द्वारा संभावित कार्रवाई पर भी चर्चा हुई। यह बैठक कई मायनों में बेहद अहम मानी जा रही है। जिस तरह से विधानसभा मॉनसून सत्र में विपक्ष झारखंड के ज्वलंत मुद्दों को लेकर सरकार पर आक्रमक हुई है। इसके बाद सदन में ही रात भर धरना दिया। जिसका नतीजा भाजपा के 18 विधायकों को गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष ने निलंबित कर दिया। अब विधानसभा के बचे हुए एक दिन में कैसे सरकार को घेरना है। साथ ही विधानसभा के बाद आगे की क्या रणनीति होगी। इस पर मंथन हुआ। 


गौरतलब है कि हिमंता बिस्वा सरमा दो दिन के दौरे पर झारखंड पहुंचे हैं। आज वो कोल्हान क्षेत्र का दौरा करेंगे। इससे पहले वो गुरुवार को झारखंड दौरे पर देवघर पहुंचे। वहां से वो पाकुड़ चले गए। वहां जाकर उन्होंने सबसे पहले महेशपुर प्रखंड के गायबथान में हुई मारपीट में घायल लोगों से मिले उनका हालचाल लिया। उन्होंने हेमंत सरकार पर निशाना साधा कहा कि आदिवासियों की सरकार है पर आदिवासी ही सुरक्षित नहीं हैं। 


हिमंता विस्वा सरमा ने बताया कि पार्टी के द्वारा घायलों को 1-1 लाख रुपए दिए गए हैं, जिससे कि वो न्यायिक लड़ाई के साथ-साथ अपना इलाज करवा सके। उन्होंने गोपीनाथपुर जाने से रोके जाने पर कहा कि एक सीएम को वहां जाने से रोका जा रहा है, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वहां कैसे हालात हैं। उन्होंने कहा कि इस बार तो वो रुक गए पर अगली बार जरूर जाएंगे।