logo

झारखंड RJD प्रदेश कार्यालय में 79 पाउंड का केक काटकर मनाया गया लालू यादव का 79वां जन्मदिन 

jh_RJD.jpg

रांची 

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन बुधवार को राजधानी रांची स्थित झारखंड प्रदेश राजद कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 79 पाउंड का केक काटकर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखद जीवन की कामना की। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव सामाजिक उत्थान, सामाजिक परिवर्तन और सामाजिक न्याय के सबसे बड़े जननायकों में से एक हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में अनेक उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन कभी भी सांप्रदायिक और कट्टरपंथी ताकतों के सामने नहीं झुके। उन्होंने हमेशा दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया।

समाज में समानता

उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने समाज में समानता और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए निरंतर संघर्ष किया तथा वंचित वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से समाज के कमजोर वर्गों में आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें शासन-प्रशासन में भागीदारी का अवसर मिला। जन्मदिन कार्यक्रम में राजद के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामदास सिंह, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, पिछड़ा प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुनील साहू, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रश्मि प्रकाश  ने कहा कि लालू प्रसाद यादव स्वस्थ एवं दीर्घायु रहें तथा आगे भी पार्टी कार्यकर्ताओं और समाज को अपना मार्गदर्शन देते रहें। वहीं इस दौरान संतोष यादव, कमलेश यादव, रामकुमार यादव, मनोज अग्रवाल, सुरेश राय, कृष्णा यादव, मुकेश भोक्ता, रामभरोस यादव, जितेंद्र राणा, मंतोष यादव, लाल बाबू रजक, मैनेजर राय, अभिराज राय, आनंद कुमार गोप सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता मौजूद थे।

Tags - RJD 79th Birthday Lalu Yadav Birthday Celebration RJD Jharkhand