द फॉलोअप डेस्क
श्रावणी मेला-2026 के दौरान लाखों तीर्थयात्रियों की सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आसनसोल मंडल रेल प्रबंधक (DRM) चेतना नंद सिंह एवं रेल अधिकारियों की टीम ने गुरुवार को जसीडीह, बैद्यनाथ धाम, देवघर और बासुकीनाथ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण कुमार प्रेम सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। श्रावण के पवित्र महीने में लाखों कांवड़िया सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर देवघर स्थित श्री बैद्यनाथ धाम पहुँचते हैं। इस दौरान जसीडीह स्टेशन मुख्य प्रवेश द्वार की भूमिका निभाता है।

भीड़ नियंत्रण उपायों की समीक्षा
DRM ने जसीडीह स्थित "24×7 एकीकृत कमांड और कंट्रोल सेंटर" का निरीक्षण कर सीसीटीवी निगरानी और भीड़ नियंत्रण उपायों की समीक्षा की। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। मेले में तैनात रेलकर्मियों से बातचीत करते हुए सतर्कता, स्वच्छता, त्वरित सहायता और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। तीर्थयात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने व्यापक इंतजाम किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन सेवाएं समर्पित प्रतीक्षा क्षेत्र और सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं।

सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करें
24 घंटे चिकित्सा दल, अग्निशमन सुरक्षा, पर्याप्त पेयजल और निरंतर स्वच्छता व्यवस्था की गई है। जसीडीह के कमांड सेंटर के अलावा आसनसोल स्थित DRM कार्यालय में एक विशेष वॉर रूम बनाया गया है, जो पूरे मेले के दौरान रेल परिचालन पर चौबीसों घंटे नजर रखेगा। आसनसोल मंडल ने सभी कांवड़ियों और यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे के दिशा निर्देशों का पालन करें। पटरी पार करने के बजाय फुट ओवर ब्रिज (FOB) का ही उपयोग करें। अनधिकृत प्रवेश से बचें और स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखें। सुरक्षित यात्रा के लिए रेल व सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करें।