द फॉलोअप डेस्क
छह महीने बाद आखिरकार कोल्हान को प्रमंडलीय आयुक्त मिल गया। राज्य सरकार ने कल्याण विभाग के विशेष सचिव नेलसन एयोन बागे को कोल्हान का प्रभारी प्रमंडलीय आयुक्त बनाया है। मालूम हो कि कोल्हान के प्रमंडलीय आयुक्त का पद 30 अप्रैल 2025 से ही रिक्त पड़ा था। 30 अप्रैल को तत्कालीन प्रमंडलीय आयुक्त हरि कुमार केसरी के सेवानिवृत होने के बाद से यह पद रिक्त था। इधर राज्य सरकार ने तीन साल बाद झारखंड स्वावलंबी सहकारी समितियां अधिकरण के अध्यक्ष पद पर भी कल नियुक्ति कर दी। पंचायती राज निदेशक राजेश्वरी बी को अभिकरण के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अभिकरण के अध्यक्ष का पद 21 अक्तूबर 2022 से रिक्त था। तत्कालीन अध्यक्ष कुमार गणेश दत्त का कार्यकाल पूरा होने के बाद से अभिकरण के अध्यक्ष का पद रिक्त था और यहां सहकारिता से जुड़े विवादों की कोई सुनवाई नहीं हो पा रही थी। वैसे अभी भी ऊर्जा विभाग के सचिव, उर्जा विकास निगम के सीएमडी सहित बोर्ड के कई और पद भी रिक्त हैं।
