द फॉलोअप डेस्क, रांची:
जस्टिस विभु बाखरू झारखंड उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 24 नवंबर (मंगलवार) को हुई अहम बैठक में कर्नाटक हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस विभु बाखरू को झारखंड हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की है। गौरतलब है कि झारखंड उच्च न्यायालय के मौजूदा चीफ जस्टिस एमएस सोनक 27 नवंबर 2026 को रिटायर हो रहे हैं। गौरतलब है कि हाईकोर्ट में प्रशासनिक और न्यायिक कार्यप्रणाली को सुचारू रूप से चलाने के लिए कॉलेजियम ने यह तबादला प्रस्तावित किया है।
गौरतलब है कि 2 नवंबर 1966 को महाराष्ट्र के नागपुर में जन्मे जस्टिस विभु बाखरू ने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल से पाई। उन्होंने वर्ष 1987 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीकॉम किया। 1989 में उन्होंने सीए की परीक्षा क्वालीफाई की। 1990 में उन्होंने एलएलबी किया।
सिफारिश को राष्ट्रपति की मंजूरी का इंतजार
बताया जाता है कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने आज अहम बैठक के बाद कर्नाटक हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस विभु बाखरू को झारखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की है। यह सिफारिश राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजी जाएगी। राष्ट्रपति की मंजूरी मिली तो राष्ट्रपति भवन से वारंट जारी होगा। झारखंड के राज्यपाल को इस आशय की जानकारी दी जाएगी और फिर जस्टिस विभु बाखरू यहां पदभार संभालने आएंगे। गौरतलब है कि हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को गर्वनर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हैं।
इन पदों पर रह चुके हैं जस्टिस विभु बाखरू
जस्टिस विभु बाखरू ने सितंबर 1990 में दिल्ली बार काउंसिल में एक अधिवक्ता के रूप में अपना नामांकन कराया था। 28 जुलाई 2011 को वह वरिष्ठ अधिवक्ता बन गए। 17 अप्रैल 2013 को उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 18 मार्च 2015 को जस्टिस बाखरू दिल्ली हाईकोर्ट के स्थायी न्यायाधीश बन गए। 15 दिसंबर 2024 को उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया और 19 जुलाई 2025 को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश पर जस्टिस बाखरू कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बन गए। गौरतलब है कि 1 नवंबर 2028 को जस्टिस बाखरू की सेवानिवृत्ति की संभावित तारीख है।