logo

झारखंड में अब तेजी से बढ़ेगी ठंड, 3 दिन में 6 डिग्री तक गिर सकता है पारा

झारखंड में अब तेजी से बढ़ेगी ठंड, 3 दिन में 6 डिग्री तक गिर सकता है पारा

रांची: 
Jharkhand News :  
आज झारखंड के कई जिलों में मंगलवार की अहले सुबह कुहासा देखने को मिला। हालांकि, सुबह के बाद आसमान साफ होने और धूप निकलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में फिलहाल किसी नए मौसमी सिस्टम के विकसित होने के आसार नहीं हैं। चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद अब झारखंड में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। दोपहर बाद कुछ स्थानों पर हल्के बादल दिख सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। नवंबर के शेष दिनों में भी मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ रहने की उम्मीद है।

आसमान साफ होने के बाद बढ़ेगी ठंड
पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश के बाद मौसम में बदलाव का असर अब तापमान पर दिखने लगा है। सोमवार को राजधानी रांची के अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रांची में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम साफ होने के बाद अब रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

तीन दिनों में 5 से 6 डिग्री गिर सकता है पारा
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आसमान साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान भी 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने का अनुमान है। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा। खासकर सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों और रात में यात्रा करने वालों को ठंड से बचाव करने की जरूरत होगी। हालांकि, कुछ दिनों तक गिरावट के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना भी जताई गई है। फिलहाल राज्य में बारिश के आसार नहीं हैं और मौसम शुष्क बना रहेगा।

कोहरे के कारण हवाई यातायात प्रभावित, कई फ्लाइट देर से पहुंचीं
सोमवार को झारखंड के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन के साथ हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। कम दृश्यता के कारण रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मुंबई, पुणे और पटना से आने वाले कई विमान निर्धारित समय से देर से पहुंचे। मुंबई से दोपहर में रांची आने वाली फ्लाइट करीब एक घंटे विलंब से पहुंची, जबकि पुणे से आने वाला विमान भी देरी से आया। वहीं, शाम में पटना से रांची पहुंचने वाली फ्लाइट करीब तीन घंटे विलंब से पहुंची। विमानों के देर से पहुंचने के कारण यात्रियों को परेशानी हुई। मौसम साफ होने के बाद दृश्यता में सुधार की उम्मीद है, लेकिन सुबह के समय कुहासा रहने की संभावना को देखते हुए यात्रियों को अपनी उड़ानों की स्थिति पहले से जांचने की सलाह दी गई है।

पकी धान की फसल काटने की किसानों को सलाह
मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट को देखते हुए बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. रमेश कुमार और मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. बाबूराव पीपी ने किसानों को खेती-किसानी में सावधानी बरतने की सलाह दी है। वैज्ञानिकों के अनुसार, जिन खेतों में धान की फसल पक चुकी है, वहां किसान कटाई शुरू कर सकते हैं। कटाई के बाद फसल को दो से तीन दिन तक खेत में सुखाने के बाद ही थ्रेसिंग करें। भंडारण से पहले अनाज को अच्छी तरह धूप में सुखाना जरूरी है और दानों में नमी की मात्रा करीब 12 प्रतिशत रखनी चाहिए। धान की कटाई के बाद बचे अवशेषों को जलाने के बजाय मिट्टी में मिला देने की सलाह दी गई है। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और नमी बनाए रखने में मदद मिलेगी। वहीं, तापमान में गिरावट को देखते हुए खड़ी फसलों में सुबह या शाम के समय हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है।

Tags - Jharkhand WeatherRanchi WeatherCold WaveWeather UpdateTemperature Drop